जबलपुर – यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेल मंत्रालय ने मुजफ्फरपुर जंक्शन से चर्लपल्ली के बीच अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन के नियमित संचालन की घोषणा की है। यह नई ट्रेन 14 अक्टूबर से हर मंगलवार को मुजफ्फरपुर से तथा 16 अक्टूबर से हर गुरुवार को चर्लपल्ली से चलेगी।
यह ट्रेन पश्चिम मध्य रेलवे के सतना, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, पिपरिया और इटारसी स्टेशनों पर ठहरेगी।
गाड़ी संख्या 15293 मुजफ्फरपुर–चर्लपल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस 14 अक्टूबर से प्रत्येक मंगलवार को सुबह 10:40 बजे मुजफ्फरपुर से रवाना होकर अगले दिन रात 11:50 बजे चर्लपल्ली पहुंचेगी।
वहीं गाड़ी संख्या 15294 चर्लपल्ली–मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस 16 अक्टूबर से प्रत्येक गुरुवार को भोर 4:05 बजे चर्लपल्ली से चलेगी और अगले दिन शुक्रवार शाम 5 बजे मुजफ्फरपुर पहुंचेगी।
ट्रेन के ठहराव में हाजीपुर, सोनपुर, पाटलिपुत्र, दानापुर, आरा, बक्सर, प्रयागराज छिवकी, पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, नागपुर, बल्लारशाह, सिरपुर कागजनगर, बेल्लमपल्ली, रामागुंडम, पेद्दपल्ली और काजीपेट शामिल हैं।
इस ट्रेन में कुल 22 कोच होंगे — 8 शयनयान, 11 सामान्य, 2 एसएलआरडी और 1 पेंट्रीकार।









