भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ग्राम राणाबड़ में कहा कि अब गांव की तस्वीर बदल गई है जहां कभी कीचड़ भरे रास्ते हुआ करते थे वहां पक्की सड़के गांव-गांव बन गई है। मुख्यमंत्री ने कहा 10-15 वर्षों में गांवों में बहुत बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि अब गांव में कोई ऐसा मकान मालिक नहीं होगा जिसके पास रजिस्ट्री नही होगी। सरकार ने इसका अभियान चलाया है और प्रत्येक गांव में ग्रामीणों को उनके मकान का हक मिलेगा।
किसानों को दिन में 10 घंटे बिजली मिलेगी
CM मोहन यादव ने कहा कि हमारी सरकार किसानों का साथ देने वाली सरकार है। अब किसानों को दिन में 10 घंटे बिजली मिलेगी। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए सरकार ने नीलगाय व हिरण को पकड़ने का काम भी किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे सामूहिक विवाह में अपने बच्चों का विवाह करें, जैसा उन्होंने खुद किया है। साथ ही मृत्यु भोज जैसे आयोजन पर फिजूल खर्च को रोकने का प्रयास करें, और अपनी आमदनी बढ़ाएं।
दुग्धसंघ अब बकरी का दूध भी खरीदेगा
CM मोहन यादव ने ग्रामीण महिलाओं से सीधा संवाद करते हुए पूछा कि उन्हें सड़क बनने से आने जाने की सुविधा हुई है या नहीं? सड़क बनी है कि नहीं? लाडली बहना योजना के लाभ किन-किन को मिल रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पशुपालन के लिए ग्रामीणों का आह्वान करते हुए कहा कि सरकार गांव-गांव में डेयरी सोसायटी खोलने जा रही है।
इन सोसायटी में गाय का दूध तो खरीदा ही जाएगा बकरी का दूध भी खरीदने की तैयारी हैं। उन्होंने कहा कि जब से अपनी सरकार बनी है सरकार प्रयास कर रही है कि ग्रामीण क्षेत्र में बहनों और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाया जाए। जो भी ग्रामीण युवा और महिला व्यवसाय करना चाहते हैं उन्हें आवश्यक वित्तीय सहायता सरकार की तरफ से उपलब्ध करवाई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने राणाबड़ व तालौद में कहा किअब छोटे-छोटे गांवों में बड़े बाजार बन गए हैं। सिंहस्थ का मुख्य रास्ता तालौद से गुजरता है। सिंहस्थ में उज्जैन के आसपास के ग्रामीण क्षेत्र को किस तरह से लाभान्वित किया जा सकता है इस पर भी गंभीरता से विचार किया जा रहा है। गांव के लोग ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अपने यहां होमस्टे चला सकते हैं। शासन इसके लिए सहायता उपलब्ध कराएगा।









