जबलपुर/मनीष तिवारी/ पवित्र सावन महीने के अवसर पर आयोजित कावड़ यात्रा में 1 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बड़े उत्साह और भक्ति के साथ भाग लिया। इस पावन अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी शिरकत की और जनकल्याण, सनातन संस्कृति तथा भगवान भोलेनाथ की भक्ति का संकल्प लेकर आगे बढ़ रहे सभी कावड़ यात्रियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से प्रार्थना की कि सभी श्रद्धालुओं के जीवन में सुख-समृद्धि आए और उनके सत्संकल्पों की सिद्धि हो।
इस अवसर पर आयोजकों ने बताया कि संस्कारधानी में आयोजित यह भव्य कावड़ यात्रा अपने 16वें वर्ष में प्रवेश कर चुकी है, जो न केवल सनातन धर्म और संस्कृति का जीवंत प्रतीक है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र-आराधना का भी एक अनोखा उदाहरण प्रस्तुत करती है। 16वें वर्ष की इस ऐतिहासिक यात्रा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का लाखों कावड़ियों के साथ कदमताल करना और यात्रा में शामिल होना श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत उत्साहवर्धक रहा।









