भोपाल/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश की लाड़ली बहना योजना से जुड़ी महिलाओं को अगली किस्त के लिए अभी कुछ दिन और इंतजार करना पड़ेगा। दिवाली के मौके पर महिलाओं के बैंक खातों में योजना की राशि आने की उम्मीद फिलहाल पूरी होती नजर नहीं आ रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 13 नवंबर को शिवपुरी जिले के पिछोर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से लाड़ली बहना योजना की किस्त हितग्राही महिलाओं के खातों में अंतरित करेंगे। इस कार्यक्रम के बाद प्रदेश की लाखों लाभार्थी महिलाओं को आर्थिक सहायता की अगली किस्त मिलने की उम्मीद है। हालांकि, किस्त की राशि और भुगतान से संबंधित विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
13 नवंबर को पिछोर से जारी होगी किस्त
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 13 नवंबर को शिवपुरी जिले के पिछोर पहुंचेंगे। यहां छत्रसाल स्टेडियम में राज्य स्तरीय कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसी कार्यक्रम के माध्यम से मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की राशि महिलाओं के बैंक खातों में ट्रांसफर करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। कार्यक्रम को लेकर अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं, ताकि आयोजन व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।
कलेक्टर ने कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए शिवपुरी कलेक्टर अर्पित वर्मा ने छत्रसाल स्टेडियम पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर मंच निर्माण, बैठक व्यवस्था, पेयजल, बिजली और हेलीपैड सहित जरूरी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इसके अलावा अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और कार्यक्रम में आने वाले लोगों की सुविधाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
लाड़ली बहनों को किस्त के लिए करना होगा इंतजार
दिवाली से पहले किस्त जारी होने की उम्मीद लगाए बैठी महिलाओं को अब 13 नवंबर तक इंतजार करना पड़ सकता है। मुख्यमंत्री के पिछोर दौरे के दौरान राशि अंतरित किए जाने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। फिलहाल सरकार की ओर से किस्त की राशि और भुगतान से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है। ऐसे में लाभार्थी महिलाओं की नजर अब 13 नवंबर को होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम पर टिकी हुई है।









