भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार ने रविवार को भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के तीन अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किए। इस फेरबदल में टीकमगढ़ और श्योपुर जिले को नए पुलिस अधीक्षक (एसपी) मिले हैं, जबकि टीकमगढ़ के एसपी मनोहर सिंह मंडलोई को पुलिस मुख्यालय भोपाल में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मनोहर सिंह मंडलोई बने AIG
गृह विभाग के आदेश के अनुसार, वर्ष 2012 बैच के आईपीएस अधिकारी मनोहर सिंह मंडलोई को टीकमगढ़ के एसपी पद से हटाकर पुलिस मुख्यालय भोपाल में सहायक पुलिस महानिरीक्षक (AIG) नियुक्त किया गया है। वह अक्टूबर 2024 से टीकमगढ़ जिले की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
सुधीर कुमार अग्रवाल होंगे टीकमगढ़ के नए एसपी
वर्ष 2016 बैच के आईपीएस अधिकारी सुधीर कुमार अग्रवाल को टीकमगढ़ का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। वह अक्टूबर 2025 से श्योपुर जिले के एसपी के रूप में कार्यरत थे। अब उन्हें टीकमगढ़ की कमान सौंपी गई है।
मोती उर रहमान को मिली श्योपुर की जिम्मेदारी
वर्ष 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी मोती उर रहमान को श्योपुर का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। इससे पहले वह रीवा स्थित 9वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल (SAF) में सेनानी के पद पर तैनात थे। वह मई 2026 से रीवा में अपनी सेवाएं दे रहे थे।
गृह विभाग ने जारी किए तबादला आदेश
गृह विभाग की ओर से जारी आदेश के साथ ही तीनों अधिकारियों की नई पदस्थापना तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। सरकार का कहना है कि प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से यह तबादले किए गए हैं।
ये खबर भी पढ़ें..









