भोपाल। मध्य प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने 91 अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रमोशन के आदेश जारी कर दिए हैं। पदोन्नत होने वालों में अधिकारी, जिला खेल अधिकारी, कोच और बड़ी संख्या में लिपिक वर्ग के कर्मचारी शामिल हैं। विभाग ने लंबे समय से लंबित पदोन्नतियों पर फैसला लिया है।
प्रशांत कुशवाह को मिली संयुक्त संचालक की जिम्मेदारी
मुरैना में पदस्थ क्षेत्रीय खेल अधिकारी (RSO) प्रशांत कुशवाह को पदोन्नत कर संयुक्त संचालक बनाया गया है। विभाग में यह पद करीब तीन साल से खाली था। बताया जा रहा है कि उनकी नई पदस्थापना के आदेश जल्द जारी हो सकते हैं और उन्हें खेल संचालनालय में जिम्मेदारी मिल सकती है।




7 जिला खेल अधिकारियों को मिला प्रमोशन
विभाग ने सात जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारियों (DSO) को पदोन्नत कर उप संचालक और संभागीय खेल अधिकारी बनाया है। इनमें प्रदीप कुमार अबिद्रा, जोसफ बक्सला, रुबिका देवान, सैफउल्ला खान, ओमप्रकाश हरोड़, जलज चतुर्वेदी और वाणी शाहू शामिल हैं। वहीं कोच नीतू सिंह को जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी (DSO) के पद पर पदोन्नति दी गई है।
64 लिपिकों को भी मिला प्रमोशन
जारी आदेश में सबसे अधिक 64 लिपिक वर्ग के कर्मचारियों को पदोन्नति दी गई है। विभाग का मानना है कि इन पदोन्नतियों से प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी और विभिन्न कार्यालयों में रिक्त पदों को भरने में भी मदद मिलेगी। अब पदोन्नत अधिकारियों और कर्मचारियों की नई पदस्थापना के आदेश का इंतजार किया जा रहा है।
ये खबर भी पढ़ें..









