Gold Silver Price Today: नई दिल्ली/बंटी प्रहलाद/खबर डिजिटल/ सोने की कीमतों में इस सप्ताह उछाल की स्थिति नजर आ रही है। एमसीएक्स (MCX) एक्सचेंज पर सोने का भाव शुक्रवार 5 दिसंबर को 1 लाख 30 हजार 462 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। वहीं, इस हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार 12 दिसंबर को सोने का भाव 1 लाख 33 हजार 622 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। इस तरह बात करें एक सप्ताह की तो इस हफ्ते सोने की कीमतों में 3 हजार 160 रुपये प्रति 10 ग्राम का इजाफा दर्ज किया गया है।
सोने-चांदी के भाव
गुड रिटर्न्स के मुताबिक, शनिवार को 24 कैरेट गोल्ड का हाजिर भाव 260 रुपये की गिरावट के साथ 1 लाख 34 हजार 70 रुपये प्रति 10 ग्राम पर है। वहीं, 22 कैरेट सोने का भाव 1 लाख 22 हजार 900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर और 18 कैरेट गोल्ड का रेट 1 लाख 580 रुपये प्रति 10 ग्राम पर है। उधर चांदी की हाजिर कीमत आज 1 लाख 98 हजार रुपये प्रति किलोग्राम पर है।
चांदी में 9,443 रुपये की तेजी
सोने के साथ ही चांदी की कीमतों में इस हफ्ते जबरदस्त उछाल दर्ज किया गया है। एमसीएक्स (MCX) एक्सचेंज पर चांदी का घरेलू वायदा भाव शुक्रवार 5 दिसंबर को 1 लाख 83 हजार 408 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुआ था। यह कीमत शुक्रवार 12 दिसंबर को 1 लाख 92 हजार 851 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई है। इस तरह इस हफ्ते चांदी की कीमत में 9 हजार 443 रुपये प्रति किलोग्राम की बंपर तेजी दर्ज हुई है।
ये है इस उछाल की वजह?
सोने की कीमतों इस तेजी की वजह अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती करना है। यूएस फेड ने 10 दिसंबर को पॉलिसी बैठक में प्रमुख ब्याज दर को 0.25 फीसदी घटाने का फैसला लिया था। साथ ही साल 2026 में एक और रेट कट का संकेत दिया है। इसके बाद सोने में निवेश के लिए अपॉर्च्युनिटी कॉस्ट घटने का असर दामों पर पड़ता नजर आया। रेट कट के बाद डॉलर इंडेक्स में भी काफी गिरावट आई है। इससे दूसरी करेंसीज के लिए सोना किफायती हो गया, जिससे डिमांड में ज्यादा होने के चलते सोना-चांदी का भाव बढ़ गया।









