मुंबई : भारत के प्रमुख अर्ली चाइल्डहुड और के-12 शिक्षा समूह लाइटहाउस लर्निंग (पूर्व में यूरोकिड्स इंटरनेशनल) ने नोएडा स्थित द खैतान स्कूल के साथ रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की है। इस साझेदारी के तहत द खैतान स्कूल की प्रतिष्ठित विरासत को लाइटहाउस लर्निंग के व्यापक नेटवर्क, विशेषज्ञता और शैक्षणिक क्षमताओं के साथ जोड़ा जाएगा। इसका उद्देश्य स्कूल के विकास के अगले चरण को समर्थन देना और विद्यार्थियों व शिक्षकों के लिए सीखने के अवसरों को और मजबूत करना है।
खैतान परिवार ने 1995 में द खैतान स्कूल की स्थापना एकेडमिक एक्सीलेंस और चरित्र निर्माण पर आधारित समग्र एवं मूल्यों से जुड़ी शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से की थी। वर्षों के दौरान स्कूल ने अपने शैक्षणिक परिणामों, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की व्यापकता और मूल्य-आधारित संस्कृति के लिए मजबूत पहचान बनाई है। स्कूल परिसर में आधुनिक विज्ञान एवं कंप्यूटिंग प्रयोगशालाएं, समृद्ध पुस्तकालय, इंटरैक्टिव डिजिटल कक्षाएं तथा अत्याधुनिक खेल और कला सुविधाएं मौजूद हैं।
इस साझेदारी के तहत द खैतान स्कूल को लाइटहाउस लर्निंग के एकीकृत प्लेटफॉर्म और समूह की विभिन्न इकाइयों की श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों का लाभ मिलेगा। इनमें ऑडिट और प्रमाणन से समर्थित समर्पित हेल्थ एंड सेफ्टी फ्रेमवर्क, शिक्षण पद्धति, पाठ्यक्रम निर्माण, मूल्यांकन और शिक्षकों की क्षमता विकास में सहयोग करने वाली विशेषज्ञ केंद्रीय शिक्षा टीम शामिल है।
इसके अलावा, सेंटर ऑफ वेल-बीइंग समावेशी शिक्षा को मजबूत करने के साथ बच्चों के सामाजिक-भावनात्मक और मानसिक कल्याण पर काम करेगा। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि हर बच्चा खुद को स्कूल समुदाय का हिस्सा, समझा हुआ और आगे बढ़ने में सक्षम महसूस करे। वहीं, समूह की इन-हाउस टेक्नोलॉजी टीम लाइटहाउस डिजिटल लैब्स शिक्षण और सीखने की प्रक्रिया को बेहतर बनाने के लिए सुरक्षित और बच्चों की जरूरतों के अनुरूप तकनीकी समाधान विकसित करेगी।
यह साझेदारी स्कूल नेतृत्व के विकास पर भी ध्यान केंद्रित करेगी। साथ ही, विद्यार्थियों और शिक्षकों को लाइटहाउस लर्निंग के व्यापक राष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़ने के अवसर मिलेंगे। विचारों, शोध, पेशेवर विकास और साझा शिक्षण पद्धतियों के आदान-प्रदान के जरिए दोनों संस्थाएं द खैतान स्कूल की मूल भावना को आगे बढ़ाते हुए आने वाले वर्षों में शैक्षणिक अनुभव और परिणामों को और बेहतर बनाने की दिशा में काम करेंगी।
लाइटहाउस लर्निंग ग्रुप के संस्थापक और ग्रुप सीईओ प्रजोध राजन ने साझेदारी पर कहा, “द खैतान स्कूल ने अकादमिक उत्कृष्टता, मूल्यों और युवा विद्यार्थियों के विकास के प्रति गहरी प्रतिबद्धता पर आधारित मजबूत विरासत बनाई है। हमें ऐसे संस्थान के साथ साझेदारी करने पर गर्व है, जो उच्च गुणवत्ता वाली और भविष्य के लिए तैयार शिक्षा प्रदान करने के हमारे विश्वास को साझा करता है। इस साझेदारी के जरिए हम विशेषज्ञ शैक्षणिक क्षमताओं, मजबूत हेल्थ एंड सेफ्टी सिस्टम, नेतृत्व विकास और उद्देश्यपूर्ण तकनीक को एक साथ लाकर सीखने के अनुभव को और समृद्ध करेंगे। हम स्कूल की मौजूदा खूबियों को आगे बढ़ाने और इसके विकास के अगले चरण में सहयोग करने को लेकर उत्साहित हैं।”
खैतान वेलफेयर फाउंडेशन के वाइस चेयरमैन वेदांत खैतान ने कहा, “यह साझेदारी हमारी यात्रा में गर्व और महत्व का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। खैतान परिवार ने जिस विजन के साथ द खैतान स्कूल की स्थापना की थी, उसे आगे बढ़ाते हुए लाइटहाउस लर्निंग के साथ यह सहयोग हमारे विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए नए दृष्टिकोण, सर्वोत्तम कार्यप्रणालियां और बेहतर अवसर लेकर आएगा। हम स्कूल के विकास और शैक्षणिक प्रभाव के अगले चरण में साथ मिलकर काम करने को लेकर उत्साहित हैं।”
इस साझेदारी के लिए लोएस्ट्रो एडवाइजर्स ने विशेष रणनीतिक सलाहकार के रूप में काम किया। सिरिल अमरचंद मंगलदास ने लाइटहाउस लर्निंग ग्रुप को कानूनी सलाह दी, जबकि क्विलॉन पार्टनर्स ने द खैतान स्कूल के कानूनी सलाहकार के रूप में काम किया। अर्न्स्ट एंड यंग एलएलपी (EY) ने समूह को वित्तीय सलाह दी।









