नवरात्रि पर्व से ठीक पहले सोशल मीडिया पर 'गरबा पार्टनर ऑन रेंट' के अनोखे विज्ञापन तेजी से वायरल हो रहे हैं. इसे लेकर अहमदाबाद पुलिस पूरी तरह से सतर्क हो गई है. इंस्टाग्राम और अन्य प्लेटफॉर्म्स पर पिछले कुछ दिनों से ऐसी पोस्ट तैर रही हैं, जिनमें युवा लड़के-लड़कियों की तस्वीरें लगाकर 500 रुपये से लेकर 6,500 रुपये तक में डांडिया और गरबा नाइट्स के लिए साथी किराए पर देने की पेशकश की जा रही है. इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आम जनता के लिए विशेष सार्वजनिक चेतावनी जारी की है.
ऑनलाइन फ्रॉड और हैकिंग का खतरा, साइबर क्राइम ब्रांच ने दी चेतावनी
अहमदाबाद साइबर क्राइम ब्रांच की डिप्टी कमिश्नर (DCP) लवीना सिन्हा ने एक वीडियो संदेश जारी कर लोगों को आगाह किया है. उन्होंने बताया कि पुलिस इन विज्ञापनों और सोशल मीडिया पोस्ट्स की गहनता से पड़ताल कर रही है ताकि यह साफ हो सके कि इनके पीछे कोई साइबर ठगी या गलत मंशा तो नहीं छिपी है. इसके साथ ही उन्होंने नागरिकों को सलाह दी कि वे किसी भी अनजान लिंक या फोटो अटैचमेंट को खोलने से बचें. ऐसे संदिग्ध लिंक्स पर क्लिक करने से बैंक अकाउंट्स साफ हो सकते हैं और मैसेजिंग ऐप्स हैक होने का जोखिम रहता है. अगर कोई व्यक्ति इस प्रकार की धोखाधड़ी का शिकार होता है तो उसे तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करानी चाहिए.
'सिल्वर से प्लेटिनम' तक के पैकेज, किस (Kiss) और रील बनाने का भी ऑफर
गुजरात के कई शहरों में रील बनाने वाले छोटे कंटेंट क्रिएटर्स, इन्फ्लुएंसर्स और कई गुमनाम अकाउंट्स इन विज्ञापनों को शेयर कर रहे हैं. ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए इन्होंने 'सिल्वर, गोल्ड और प्लेटिनम' नाम से आकर्षक पैकेज तैयार किए हैं. बेसिक पैकेज में 500 से 3,000 रुपये के बीच दो घंटे का साथ, डांस ट्यूटोरियल, मैचिंग कपड़े और सेल्फी जैसी सुविधाएं शामिल हैं.
मिड-लेवल पैकेज की कीमत 1,000 से 5,000 रुपये तक रखी गई है, जिसमें चार घंटे गरबा खेलने, रील शूट करने और असल जिंदगी का पार्टनर होने का दिखावा करने का दावा किया जा रहा है. वहीं, सबसे महंगे यानी प्लेटिनम पैकेज के लिए पुरुष पार्टनर के 5,000 रुपये और महिला पार्टनर के 6,500 रुपये तक वसूले जा रहे हैं. इस प्रीमियम सर्विस में पूरे दिन का साथ, हाथ थामना, बातचीत, अनलिमिटेड रील्स और कुछ पोस्ट्स के दावों के अनुसार किस (kiss) करने तक की सुविधा शामिल की गई है.









