हुबली/खबर डिजिटल/ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की शनिवार को कर्नाटक यात्रा के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ गई। फूड पॉइजनिंग के कारण उन्हें उल्टी और कमजोरी की शिकायत हुई, जिसके चलते वे हुबली और बेलगावी में निर्धारित कार्यक्रमों में शामिल नहीं हो सके। केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने बताया कि अब अमित शाह की तबीयत ठीक है।
उद्घाटन कार्यक्रम किया रद्द
अमित शाह को हुबली के गब्बूर में KLE जगद्गुरु गंगाधर महास्वामीगलु मूरुसाविरमठ मेडिकल कॉलेज की नई शैक्षणिक इमारत और 1,200 बिस्तरों वाले KLE अस्पताल एवं मेडिकल रिसर्च सेंटर का उद्घाटन करना था। स्वास्थ्य खराब होने के कारण वह कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाए। उनकी अनुपस्थिति में अन्य नेताओं ने संस्थानों का उद्घाटन किया।
बेलगावी का कार्यक्रम भी हुआ रद्द
हुबली के बाद अमित शाह को बेलगावी जिले के एक्सांबा में श्री बीरेश्वर कोऑपरेटिव क्रेडिट सोसाइटी के नए मुख्यालय भवन का उद्घाटन करना था। तबीयत खराब होने के चलते यह कार्यक्रम भी रद्द कर दिया गया। प्रह्लाद जोशी ने बताया कि फूड पॉइजनिंग के कारण शाह को उल्टी हुई थी और उन्हें कमजोरी महसूस हो रही थी।
डॉक्टरों की निगरानी में होटल में किया आराम
तबीयत बिगड़ने के बाद अमित शाह ने कुछ समय होटल में आराम किया और डॉक्टरों ने उनका इलाज किया। बाद में स्वास्थ्य में सुधार होने पर उन्होंने हुबली स्थित KLE कैंपस का संक्षिप्त दौरा किया। इस दौरान उन्होंने परिसर में औपचारिक रूप से दीप प्रज्वलित किया और इसके बाद दिल्ली के लिए रवाना हो गए। केंद्रीय गृह मंत्रालय के मुताबिक, KLE के नए मेडिकल कॉलेज में 250 MBBS सीटें और अस्पताल में 1,200 बेड हैं, जिनमें 300 बेड गरीब मरीजों के लिए आरक्षित हैं।
प्रह्लाद जोशी बोले- अब अमित शाह पूरी तरह ठीक
केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि अमित शाह अब ठीक हैं। उन्होंने बताया कि फूड पॉइजनिंग के कारण हुई उल्टी के बाद उन्हें कुछ कमजोरी महसूस हुई थी। स्वास्थ्य में सुधार के बाद शाह ने कर्नाटक दौरा समाप्त कर दिल्ली के लिए प्रस्थान किया।









