नई दिल्ली/खबर डिजिटल/ कांग्रेस की ओर से सोशल मीडिया पर साझा किया गया एक वीडियो इन दिनों चर्चा में है। वीडियो में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा समेत विपक्ष के कई नेता मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को लेकर सवाल उठाते और तंज करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में 'ज्ञानेश कुमार कहां मिलेंगे?' और इसके जवाब में 'मोदी जी की गोद में' जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया गया है।
दिल्ली में प्रदर्शन, वीडियो शेयर
कांग्रेस ने यह वीडियो ऐसे समय साझा किया है, जब INDIA ब्लॉक के सांसद चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे हैं। विपक्षी दल मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर लगातार सवाल उठा रहे हैं। विपक्ष की ओर से चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग भी की जा रही है। प्रदर्शन के दौरान विपक्षी सांसदों ने मतदाता सूची के पुनरीक्षण और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न मुद्दों को उठाया है।
इलेक्शन कमीशन ने रखा पक्ष
चुनाव आयोग ने विपक्ष की ओर से लगाए जा रहे आरोपों पर अपना पक्ष रखा है। आयोग और विपक्ष के बीच जारी इस राजनीतिक टकराव के बीच कांग्रेस का यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो में विपक्षी नेताओं के बयानों और तंज के जरिए चुनाव आयोग को लेकर उनकी आपत्तियों को सामने रखा गया है। ऐसे में यह मामला राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच सोशल मीडिया पर भी तेजी से चर्चा में है।
राहुल गांधी पर FIR से भड़की कांग्रेस, जयराम रमेश बोले- ‘घबराई हुई है मोदी-शाह की जोड़ी’









