धार। भोजशाला में शुक्रवार को होने वाली जुम्मे की नमाज को लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है। सुप्रीम कोर्ट के 14 जुलाई के अंतरिम आदेश के बाद उम्मीद थी कि नमाज के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी, लेकिन अभी तक कोर्ट का विस्तृत आदेश प्रशासन को नहीं मिला है। ऐसे में किसी नए स्थान की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
आदेश मिलने के बाद होगा फैसला
धार कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट का विस्तृत आदेश अभी प्राप्त नहीं हुआ है। आदेश मिलने के बाद उसका अध्ययन किया जाएगा और उसी के अनुसार आगे की प्रशासनिक व्यवस्था तय की जाएगी।
मुस्लिम समाज ने क्या कहा
मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों का कहना है कि विस्तृत आदेश मिलने के बाद बैठक कर आगे का निर्णय लिया जाएगा। समाज के सदर अब्दुल समद ने कहा कि यदि शुक्रवार तक आदेश जारी नहीं होता है तो पिछले दो महीने से चली आ रही व्यवस्था के अनुसार शहर की मस्जिदों में ही जुम्मे की नमाज अदा की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि सुप्रीम कोर्ट का आदेश समय पर मिल जाता है तो भोजशाला के मुख्य द्वार के सामने उपलब्ध खुले स्थान पर नमाज पढ़ने को लेकर समाज बैठक में फैसला करेगा।
बसंत पंचमी वाली जगह पर जताई आपत्ति
मुस्लिम पक्ष का कहना है कि बसंत पंचमी के दौरान जहां नमाज कराई गई थी, वह कब्रिस्तान की जमीन है। इसलिए उस स्थान पर जुम्मे की नमाज अदा करना उचित नहीं माना जा सकता।
हिंदू पक्ष निकालेगा यात्रा
इधर, हिंदू पक्ष ने शुक्रवार को 'चलो भोजशाला' यात्रा निकालने की घोषणा की है। इसे देखते हुए प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और विस्तृत आदेश का इंतजार कर रहा है।
ये खबर भी पढ़ें..









