इंदौर के क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है. शहर के होलकर स्टेडियम में 11 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला जाएगा. मैच को लेकर दर्शकों में अभी से उत्साह देखने को मिल रहा है. अगर आप भी स्टेडियम में बैठकर इस रोमांचक मुकाबले का आनंद लेना चाहते हैं, तो टिकट की ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं.
मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन यानी MPCA ने मैच के लिए टिकटों की कीमतें जारी कर दी हैं. टिकट की शुरुआती कीमत 1000 रुपये रखी गई है, जबकि सबसे महंगा टिकट 12500 रुपये का होगा. एक व्यक्ति अधिकतम चार टिकट खरीद सकेगा.
अलग-अलग गैलरी के लिए अलग टिकट रेट
मैच देखने के लिए दर्शकों को कई कैटेगरी में टिकट उपलब्ध होंगे. ईस्ट गैलरी ग्राउंड फ्लोर का टिकट 1000 रुपये और वेस्ट गैलरी ग्राउंड फ्लोर का टिकट 1100 रुपये रखा गया है. ईस्ट गैलरी सेकंड फ्लोर के लिए 1250 रुपये, जबकि वेस्ट गैलरी सेकंड फ्लोर के लिए 1350 रुपये चुकाने होंगे.
ईस्ट गैलरी फर्स्ट फ्लोर रेगुलर टिकट 1400 रुपये और वेस्ट गैलरी फर्स्ट फ्लोर रेगुलर टिकट 1500 रुपये का होगा. वहीं प्रीमियम कैटेगरी में ईस्ट गैलरी फर्स्ट फ्लोर का टिकट 1700 रुपये और वेस्ट गैलरी फर्स्ट फ्लोर का टिकट 1800 रुपये में मिलेगा.
साउथ पैवेलियन में टिकट सबसे महंगे
अगर आप प्रीमियम सीटिंग या हॉस्पिटैलिटी का अनुभव लेना चाहते हैं, तो साउथ पैवेलियन की कैटेगरी में टिकट उपलब्ध होंगे. यहां थर्ड फ्लोर का टिकट 5500 रुपये, लोअर का 6500 रुपये और सेकंड फ्लोर का टिकट 7500 रुपये रखा गया है.
साउथ पैवेलियन फर्स्ट फ्लोर का टिकट 8500 रुपये का होगा. फर्स्ट फ्लोर फूड बॉक्स हॉस्पिटैलिटी टिकट की कीमत 11000 रुपये और लोअर लाइव हॉस्पिटैलिटी टिकट 12500 रुपये का रहेगा. दर्शक अपनी पसंद के अनुसार एक ही कैटेगरी या अलग-अलग कैटेगरी के टिकट खरीद सकते हैं.
District ऐप और वेबसाइट से होगी बुकिंग
ऑनलाइन टिकट बिक्री के लिए MPCA ने District by Zomato को अधिकृत किया है. दर्शक District मोबाइल ऐप और वेबसाइट के जरिए टिकट खरीद सकेंगे. टिकट बुक करते समय अधिकतम चार टिकट खरीदने की सीमा लागू रहेगी.
फर्जी टिकट बेचने वालों से रहें सावधान
मैच के टिकट को लेकर साइबर ठगी की आशंका को देखते हुए MPCA और क्राइम ब्रांच ने दर्शकों के लिए एडवाइजरी जारी की है. सोशल मीडिया, Telegram और WhatsApp पर फर्जी टिकट के नाम पर संदिग्ध लिंक या ऑफर भेजे जा सकते हैं.
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और जल्दबाजी में ऑनलाइन भुगतान भी न करें. टिकट खरीदने से पहले प्लेटफॉर्म की अच्छी तरह जांच करें और केवल अधिकृत ऐप या वेबसाइट के माध्यम से ही बुकिंग करें. इससे फर्जी टिकट और साइबर फ्रॉड से बचने में मदद मिलेगी.









