डेस्क। बुढ़ापे में नियमित इनकम हर व्यक्ति की सबसे बड़ी जरूरत होती है। ऐसे में अगर एक ऐसा प्लान मिल जाए, जिसमें केवल एक बार निवेश करना हो और उसके बाद जीवनभर पेंशन मिलती रहे, तो यह आर्थिक सुरक्षा का मजबूत विकल्प बन सकता है। भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) की सरल पेंशन योजना इसी उद्देश्य को ध्यान में रखकर तैयार की गई है।
क्या है LIC सरल पेंशन योजना?
LIC की सरल पेंशन योजना एक सिंगल प्रीमियम एन्युटी प्लान है। इसका मतलब है कि निवेशक को केवल एक बार पैसा जमा करना होता है। इसके बाद चुने गए विकल्प के अनुसार जीवनभर तय पेंशन मिलती रहती है। पेंशन की राशि स्थिर रहती है और इसमें किसी प्रकार की कटौती नहीं होती।

40 से 80 साल तक के लोग कर सकते हैं निवेश
इस योजना में 40 वर्ष से 80 वर्ष तक की आयु के लोग निवेश कर सकते हैं। पॉलिसी को कोई व्यक्ति अकेले खरीद सकता है, वहीं पति-पत्नी संयुक्त रूप से भी इस योजना का लाभ उठा सकते हैं। यह स्कीम रिटायरमेंट के बाद नियमित आय सुनिश्चित करने के लिए बनाई गई है।
अपनी सुविधा के अनुसार चुनें विकल्प
योजना के तहत पेंशन मासिक, तिमाही, छमाही या वार्षिक आधार पर प्राप्त की जा सकती है। न्यूनतम वार्षिक पेंशन 12 हजार रुपये निर्धारित की गई है। वहीं अधिकतम निवेश की कोई सीमा नहीं रखी गई है, जिससे निवेशक अपनी क्षमता के अनुसार राशि जमा कर सकते हैं।
लोन और सरेंडर की सुविधा भी मौजूद
सरल पेंशन योजना में निवेशकों को कई अतिरिक्त सुविधाएं भी मिलती हैं। पॉलिसी शुरू होने के 6 महीने बाद सरेंडर करने का विकल्प उपलब्ध है। इसके अलावा जरूरत पड़ने पर पॉलिसी के विरुद्ध लोन भी लिया जा सकता है। पॉलिसीधारक की मृत्यु होने पर जमा की गई मूल राशि नॉमिनी को लौटा दी जाती है।
40 लाख निवेश पर कितनी मिलेगी पेंशन?
एलआईसी के उदाहरण के अनुसार यदि 40 वर्ष का कोई व्यक्ति इस योजना में एकमुश्त 40 लाख रुपये निवेश करता है, तो उसे लगभग 2.62 लाख रुपये सालाना पेंशन मिल सकती है। यानी हर महीने करीब 21,800 रुपये की नियमित आय प्राप्त हो सकती है। हालांकि वास्तविक पेंशन राशि निवेश के समय लागू एन्युटी दरों और चुने गए विकल्प पर निर्भर करेगी।
रिटायरमेंट प्लानिंग के लिए क्यों है खास?
जो लोग सेवानिवृत्ति के बाद निश्चित और गारंटीड आय चाहते हैं, उनके लिए LIC की सरल पेंशन योजना एक उपयोगी विकल्प मानी जाती है। यह योजना जीवनभर नियमित आय के साथ आर्थिक स्थिरता प्रदान करने का दावा करती है, जिससे भविष्य की वित्तीय चिंताओं को कम किया जा सकता है।
ये खबर भी पढ़ें..









