सोमवती अमावस्या के अवसर पर श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए भारतीय रेलवे ने श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा और हरिद्वार के बीच एक विशेष रेल सेवा चलाने का फैसला किया है. इस कदम का उद्देश्य यात्रियों को सुगम और आरामदायक यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना है.
अब हरिद्वार और वैष्णों देवी जाना आसान
रेलवे अधिकारियों के अनुसार ट्रेन संख्या 04606 और 04605 के रूप में यह स्पेशल ट्रेन दोनों दिशाओं में एक-एक फेरा लगाएगी. ट्रेन संख्या 04606 श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा से 14 जून को शाम 6:15 बजे रवाना होगी. यह ट्रेन उधमपुर, जम्मू तवी, पठानकोट कैंट, जालंधर कैंट, लुधियाना, अंबाला कैंट, सहारनपुर और रुड़की जैसे प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करते हुए अगले दिन सुबह 6:30 बजे हरिद्वार पहुंचेगी.
कब चलेगी ट्रेन
वापसी यात्रा के दौरान ट्रेन संख्या 04605 हरिद्वार से 15 जून को शाम 5:20 बजे प्रस्थान करेगी. यह विशेष रेलगाड़ी रुड़की, सहारनपुर, अंबाला कैंट, लुधियाना, जालंधर कैंट, पठानकोट कैंट, जम्मू तवी और उधमपुर स्टेशन पर रुकते हुए अगले दिन सुबह 7 बजे श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा पहुंचेगी.
परिचालन कारणों से कुछ ट्रेनों के मार्ग में बदलाव
रेलवे ने परिचालन संबंधी आवश्यकताओं के चलते कुछ ट्रेनों के संचालन में अस्थायी बदलाव भी किया है. ट्रेन संख्या 14679 दिल्ली जंक्शन-अमृतसर एक्सप्रेस को जालंधर सिटी स्टेशन तक ही संचालित किया गया है. वहीं 10 जून को चलने वाली ट्रेन संख्या 14680 अमृतसर-दिल्ली जंक्शन एक्सप्रेस अपनी निर्धारित शुरुआत अमृतसर के बजाय जालंधर सिटी से करेगी.
ट्रेन संख्या 14681 में हुआ है ये बदलाव
इसके अलावा ट्रेन संख्या 14681 दिल्ली जंक्शन-जालंधर सिटी एक्सप्रेस को लुधियाना स्टेशन पर ही समाप्त किया गया है. इसके परिणामस्वरूप 10 जून को चलने वाली ट्रेन संख्या 14682 जालंधर सिटी-दिल्ली जंक्शन एक्सप्रेस जालंधर से नहीं, बल्कि लुधियाना स्टेशन से अपने गंतव्य के लिए रवाना होगी.









