दिवाली और छठ पर्व के दौरान बिहार लौटने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए भारतीय रेलवे ने एक बड़ा फैसला लिया है. देश के प्रमुख राज्यों और बड़े शहरों से बिहार के विभिन्न जिलों के लिए कुल 35 जोड़ी पूजा स्पेशल ट्रेनें चलाने की घोषणा की गई है. इन स्पेशल ट्रेनों के जरिए दिल्ली, मुंबई, पुणे, गुजरात, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में रहने वाले लोग आसानी से अपने घर पहुंच सकेंगे. रेलवे द्वारा जारी इस शेड्यूल से पटना, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, सीतामढ़ी, रक्सौल और सहरसा जैसे प्रमुख शहरों के यात्रियों को सीधा फायदा मिलेगा.
दिल्ली और पंजाब से बिहार के लिए ट्रेनें: राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों से बिहार जाने वालों के लिए कई विकल्प दिए गए हैं. आनंद विहार से पाटलिपुत्र के बीच (04096/04095) स्पेशल ट्रेन 1 अक्टूबर से 29 नवंबर तक रोजाना चलेगी. वहीं दिल्ली-सीतामढ़ी (04010/04009) ट्रेन 15 अक्टूबर से 19 नवंबर तक संचालित होगी. आनंद विहार से मुजफ्फरपुर के लिए सप्ताह में दो दिन (04028/04027) ट्रेन 13 अक्टूबर से 24 नवंबर तक चलाई जाएगी.
इसके अलावा आनंद विहार-जोगबनी (04008/04007), नई दिल्ली-सुपौल (04072/04071) और शकूरबस्ती-दरभंगा (04098/04097) ट्रेनें भी पूरे त्योहार के सीजन में उपलब्ध रहेंगी. पंजाब की बात करें तो चंडीगढ़-पटना (04512/04511) और फिरोजपुर कैंट-पटना (04616/04615) स्पेशल ट्रेनें अक्टूबर से नवंबर के आखिरी हफ्ते तक पटरी पर दौड़ेंगी. बरौनी और दरभंगा से नई दिल्ली के लिए भी विशेष ट्रेनें (02563/02564 और 02569/02570) चलाई जा रही हैं.
मुंबई, पुणे और पश्चिमी भारत से कनेक्टिविटी: महाराष्ट्र और गुजरात में रहने वाले बिहारवासियों के सफर को आसान बनाने के लिए लोकमान्य तिलक टर्मिनस (LTT) से समस्तीपुर (01043/01044) के लिए 13 अक्टूबर से 17 नवंबर तक ट्रेन चलेगी, जो डीडीयू, बक्सर, आरा, दानापुर और मुजफ्फरपुर होते हुए पहुंचेगी. इसके अलावा एलटीटी-दानापुर (01143/01144), रक्सौल-एलटीटी (05557/05558) और सहरसा-एलटीटी (05585/05586) ट्रेनें भी चलाई जा रही हैं. पुणे से दानापुर के बीच (01449/01450) स्पेशल ट्रेन 30 नवंबर तक रोजाना सेवा देगी, जबकि मुजफ्फरपुर-हडपसर (05589/05590) ट्रेन 6 अक्टूबर से 24 नवंबर के बीच संचालित होगी.
गुजरात और राजस्थान से भी बिहार के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं. अहमदाबाद-दरभंगा स्पेशल (09465/09466) 16 अक्टूबर से 13 नवंबर के बीच चलेगी, जबकि वलसाड-दानापुर (09025/09026) ट्रेन 23 नवंबर तक सेवा में रहेगी. राजस्थान से मदार (अजमेर)-पटना (09601/09602), भगत की कोठी-दानापुर (04813/04814) और कोटा-दानापुर (09823/09824) स्पेशल ट्रेनें जयपुर, बक्सर और आरा के रास्ते दानापुर और पटना पहुंचेंगी.









