मुंबई/खबर डिजिटल/ सलमान खान के चर्चित रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ में शामिल होने वाले संभावित कंटेस्टेंट्स को लेकर चर्चाएं लगातार तेज हैं। इसी बीच रैपर और सिंगर सैंटी शर्मा का नाम भी सुर्खियों में है। हालांकि, शो में उनकी एंट्री को लेकर मेकर्स की तरफ से अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। इस बीच आरक्षण व्यवस्था को लेकर दिए गए अपने बयानों के कारण सैंटी शर्मा एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं। सैंटी शर्मा का दावा है कि आरक्षण व्यवस्था पर सवाल उठाने और इसमें बदलाव की मांग करने के बाद उन्हें सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी दी गई। उन्होंने सोशल मीडिया पर धमकी से संबंधित कमेंट का स्क्रीनशॉट भी साझा किया है।
‘आरक्षण हटाओ, देश बचाओ’ अभियान की शुरुआत
सैंटी शर्मा पिछले कुछ समय से आरक्षण और छात्रों से जुड़े मुद्दों पर सोशल मीडिया के जरिए अपनी राय जाहिर कर रहे हैं। हाल ही में उन्होंने ‘आरक्षण हटाओ, देश बचाओ’ नाम से एक अभियान शुरू करने की घोषणा की। इस अभियान की शुरुआत मुंबई के अंधेरी वेस्ट में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस से की गई। सैंटी के मुताबिक, अभियान का मकसद आरक्षण व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर समाज में चर्चा को बढ़ावा देना है। शुरुआती स्तर पर इसे सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों तक पहुंचाने की तैयारी है। इस कार्यक्रम में अभिनेता पुनीत वशिष्ठ भी पहुंचे थे। बताया गया कि उन्होंने सैंटी शर्मा की इस पहल का समर्थन किया।
धमकी का स्क्रीनशॉट किया शेयर
अभियान शुरू होने के बाद सैंटी शर्मा ने सोशल मीडिया पर एक आपत्तिजनक कमेंट का स्क्रीनशॉट साझा किया। उनका दावा है कि इस कमेंट के जरिए उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। सैंटी ने कहा कि छात्रों के अधिकारों और आरक्षण जैसे विषयों पर अपनी राय रखने के कारण अगर उन्हें धमकियों का सामना करना पड़ता है, तब भी वह अपनी बात रखने से पीछे नहीं हटेंगे। उनका कहना है कि उनका उद्देश्य किसी छात्र या समुदाय के खिलाफ माहौल बनाना नहीं, बल्कि आरक्षण व्यवस्था पर खुली चर्चा की मांग करना है। उन्होंने एक अन्य सोशल मीडिया पोस्ट में भी संकेत दिया कि धमकियों के बावजूद वह अपने अभियान और विचारों को आगे जारी रखेंगे। उनके बयानों के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें लेकर समर्थन और विरोध, दोनों तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
दतिया हार के बाद BJP का बड़ा प्लान, 2028 से पहले बदलेगा संगठन और सामने आएगा नया चेहरा?
रतलाम से है सैंटी शर्मा का संबंध
सैंटी शर्मा का वास्तविक नाम गणेश शर्मा बताया जाता है। वह मध्य प्रदेश के रतलाम से ताल्लुक रखते हैं और रैपर, सिंगर तथा लिरिसिस्ट के रूप में इंडिपेंडेंट म्यूजिक की दुनिया में काम कर चुके हैं। उनका संगीत करियर करीब 2014 के आसपास शुरू हुआ था। शुरुआती दौर में उन्होंने स्वतंत्र रूप से संगीत तैयार किया और धीरे-धीरे अपनी अलग पहचान बनाई। उनके चर्चित ट्रैक में ‘सुनी सुनी सड़कों’ और ‘उड़ान’ जैसे गाने शामिल हैं। इसके अलावा उन्होंने ‘पीता दारू’ जैसे ट्रैक भी किए हैं। साल 2025 में उनका स्टूडियो एल्बम ‘री-बोर्न’ रिलीज हुआ था। इंडिपेंडेंट म्यूजिक के अलावा सैंटी ने बॉलीवुड प्रोजेक्ट्स में भी काम किया है। 2025 में रिलीज हुई फिल्म ‘हाउसफुल 5’ के रैप एंथम में भी उनके योगदान की जानकारी सामने आई थी।
क्या Bigg Boss 20 में नजर आएंगे सैंटी शर्मा?
‘बिग बॉस 20’ के संभावित कंटेस्टेंट्स की चर्चाओं में सैंटी शर्मा का नाम सामने आने के बाद उनके प्रशंसकों के बीच भी उत्सुकता बढ़ी है। सोशल मीडिया पर उनकी सक्रियता और आरक्षण को लेकर हालिया अभियान के चलते उनके नाम की चर्चा और तेज हुई है। हालांकि, बिग बॉस 20 में सैंटी शर्मा की एंट्री को लेकर अभी मेकर्स या उनकी ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में फिलहाल उन्हें शो का संभावित कंटेस्टेंट ही माना जा रहा है। अगर सैंटी शर्मा शो का हिस्सा बनते हैं, तो आरक्षण अभियान और उनके बेबाक सोशल मीडिया बयानों के कारण उनकी एंट्री शो में एक अलग तरह की चर्चा का विषय बन सकती है।









