डेस्क। कमजोर वैश्विक संकेतों और अमेरिका-ईरान शांति वार्ता को लेकर बढ़ी अनिश्चितता का असर बुधवार को भारतीय शेयर बाजार पर साफ दिखाई दिया। कारोबार की शुरुआत लाल निशान के साथ हुई और शुरुआती सत्र में ही बाजार पर बिकवाली का दबाव बढ़ गया। प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में तेज गिरावट दर्ज की गई।
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स-निफ्टी पर दबाव
बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 142.11 अंकों की कमजोरी के साथ 74,507.73 पर खुला। वहीं एनएसई निफ्टी 50 भी 67.6 अंक फिसलकर 23,415.95 के स्तर पर पहुंच गया। कारोबार आगे बढ़ने के साथ बाजार में गिरावट और गहरी होती गई। सेंसेक्स करीब 782.10 अंक टूटकर 73,867.74 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। वहीं निफ्टी 50 भी 205.05 अंक की गिरावट के साथ 23,278.50 पर पहुंच गया।
मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी बिकवाली
केवल बड़े शेयरों पर ही नहीं, बल्कि व्यापक बाजार पर भी दबाव दिखाई दिया। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स में 0.85 फीसदी की गिरावट दर्ज हुई, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स करीब 0.58 फीसदी नीचे कारोबार करता दिखा। इसी बीच भारतीय मुद्रा भी दबाव में रही। रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 15 पैसे कमजोर होकर 95.47 पर खुला, जबकि पिछले कारोबारी सत्र में यह 95.27 पर बंद हुआ था।
आईटी सेक्टर सबसे ज्यादा दबाव में
सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो आईटी कंपनियों के शेयरों में सबसे अधिक गिरावट दर्ज की गई। निफ्टी आईटी इंडेक्स करीब 3.9 फीसदी तक टूट गया। आईटी के अलावा रियल्टी, मीडिया, फाइनेंशियल सर्विसेज, एफएमसीजी और पीएसयू बैंक सेक्टरों में भी कमजोरी देखी गई। हालांकि ऑटो और मेटल सेक्टर ने अपेक्षाकृत कम नुकसान के साथ बेहतर प्रदर्शन किया।
RBI की बैठक पर निवेशकों की नजर
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि निफ्टी ने 23,262 के महत्वपूर्ण स्तर के आसपास मजबूती दिखाने की कोशिश की है और यह अभी प्रमुख सपोर्ट जोन के ऊपर बना हुआ है। तकनीकी विश्लेषकों के अनुसार 23,229 का स्तर बाजार के लिए अहम सपोर्ट साबित हो सकता है।
विशेषज्ञों का कहना है कि बाजार में मजबूत तेजी के संकेत तभी मिलेंगे, जब निफ्टी 23,800 के ऊपर बंद होगा। वहीं घरेलू निवेशकों की नजर अब भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बैठक पर बनी हुई है। तीन दिवसीय यह बैठक बुधवार से शुरू होकर शुक्रवार तक चलेगी, जिसके फैसले बाजार की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
ये खबर भी पढ़ें..









