डेस्क। भारतीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने 50 ओवर क्रिकेट में नया विश्व रिकॉर्ड बना दिया है। उन्होंने श्रीलंका-ए के खिलाफ ट्राई सीरीज के फाइनल मुकाबले में केवल 11 गेंदों पर अर्धशतक पूरा कर इतिहास रच दिया।
वैभव ने अपनी विस्फोटक पारी में 29 गेंदों पर 94 रन बनाए। उनकी इस तूफानी बल्लेबाजी ने क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।
20 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा
इससे पहले 50 ओवर क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड श्रीलंका के कौशल्य वीरात्ने के नाम था। उन्होंने वर्ष 2006 में रागामा क्रिकेट क्लब की ओर से खेलते हुए 12 गेंदों में फिफ्टी लगाई थी। अब वैभव सूर्यवंशी ने 11 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।
29 गेंदों में 94 रन की विस्फोटक पारी
ट्राई सीरीज के फाइनल में वैभव शुरुआत से ही आक्रामक नजर आए। उन्होंने मैदान के चारों ओर शॉट लगाए और श्रीलंका-ए के गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा। सिर्फ 29 गेंदों में 94 रन की उनकी पारी ने टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई और दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
वनडे क्रिकेट में डिविलियर्स के नाम रिकॉर्ड
वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज बल्लेबाज एबी डिविलियर्स के नाम है। उन्होंने वर्ष 2015 में वेस्टइंडीज के खिलाफ केवल 15 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया था। हालांकि वैभव सूर्यवंशी का रिकॉर्ड 50 ओवर के लिस्ट-ए क्रिकेट में बना है, जो अब तक का सबसे तेज अर्धशतक बन गया है।
युवा खिलाड़ी ने बढ़ाई भारतीय क्रिकेट की उम्मीदें
वैभव सूर्यवंशी की इस पारी ने उन्हें क्रिकेट जगत में नई पहचान दिलाई है। इतनी कम उम्र में बनाया गया यह रिकॉर्ड भविष्य में उनके करियर के लिए बड़ा मील का पत्थर साबित हो सकता है।
ये खबर भी पढे़ं..









