अचानक किसी के बेहोश होकर गिर जाने पर लोग अक्सर घबरा जाते हैं. जल्दबाजी में लोग मरीज को उठाने, झकझोरने या मुंह पर पानी छिड़कने लगते हैं. कई बार लोग बेहोश व्यक्ति के मुंह में पानी डालने की भी कोशिश करते हैं, जो बेहद खतरनाक हो सकता है. एमएमआई नारायणा अस्पताल के डॉ. ह्यूमन प्रसाद के मुताबिक, ऐसी आपात स्थिति में सही फर्स्ट एड देना बहुत जरूरी है.
सबसे पहले मरीज को सही स्थिति में लिटाएं
अगर कोई अचानक बेहोश हो जाए और उसके शरीर में अकड़न न हो, तो उसे जबरन बैठाने या गोद में उठाने की गलती न करें. मरीज को तुरंत किसी सुरक्षित और समतल जगह पर पीठ के बल सीधा लिटा दें. इसके बाद उसके दोनों पैरों को थोड़ा ऊपर उठाकर रखें.
लो ब्लड प्रेशर की वजह से हुई बेहोशी में पैरों को ऊपर उठाने से पैरों में जमा खून तेजी से शरीर के ऊपरी हिस्से और दिमाग तक पहुँचता है. इससे दिमाग में ब्लड फ्लो सुधरता है और मरीज को जल्दी होश आ सकता है.
भूलकर भी न करें ये गलतियां
बेहोश व्यक्ति को होश में लाने के लिए चेहरे पर पानी मारना, गाल थपथपाना या छाती को पीटना सही तरीका नहीं है. इसके अलावा, बेहोशी की हालत में व्यक्ति को पानी, चाय या कोई दवा पिलाने की कोशिश बिल्कुल न करें. ऐसा करने से तरल पदार्थ सांस की नली में जा सकता है, जिससे मरीज का दम घुटने का खतरा बन जाता है.
सांस और पल्स की तुरंत जांच करें
केवल ब्लड प्रेशर कम होना ही बेहोशी की अकेली वजह नहीं होता. अगर मरीज कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रहा है, तो तुरंत चेक करें कि उसकी सांसें सामान्य रूप से चल रही हैं या नहीं और पल्स महसूस हो रही है या नहीं.
यदि मरीज सांस नहीं ले रहा है या पल्स गायब है, तो इसे गंभीर इमरजेंसी मानें. ऐसे में बिना समय गंवाए तुरंत इमरजेंसी मेडिकल हेल्प (एंबुलेंस) कॉल करें और अगर आपको तरीका पता हो तो सीपीआर (CPR) देना शुरू करें









