सिंगरौली गौरव दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जिले को विकास की बड़ी सौगात दी. इस दौरान करीब 552 करोड़ 12 लाख रुपये के 71 विकास कार्यों की घोषणा की गई. इनमें 486 करोड़ 53 लाख रुपये की लागत वाले 50 नए विकास कार्यों का भूमि पूजन किया गया, जबकि 65 करोड़ 59 लाख रुपये से तैयार 21 परियोजनाओं का लोकार्पण भी हुआ. सिंगरौली जिले का गठन 24 मई 2008 को हुआ था और यह मध्यप्रदेश का 50वां जिला माना जाता है. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने महिलाओं, गरीबों, किसानों और युवाओं को सरकार की प्राथमिकता बताया. उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हर वर्ग के हित में लगातार काम कर रही है और जरूरतमंद लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है. खासतौर पर महिलाओं के लिए सरकार कई योजनाएं चला रही है ताकि उन्हें आर्थिक राहत मिल सके.
मोहन यादव ने दिए इतने करोड़
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से जुड़ी महिलाओं को बड़ी राहत देते हुए 24 लाख बहनों के खातों में 115 करोड़ रुपये की गैस रिफिलिंग सब्सिडी ट्रांसफर की. उन्होंने कहा कि जुलाई 2023 से प्रदेश की महिलाओं को मात्र 450 रुपये में घरेलू गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है. मई महीने में महिलाओं को दोहरी सौगात मिली है. पहले लाड़ली बहना योजना के तहत महिलाओं के खातों में 1500 रुपये भेजे गए और अब गैस सिलेंडर की सब्सिडी राशि भी जारी की गई है.
वृद्धजनों के लिए चल रही योजनाओं का भी जिक्र
मुख्यमंत्री ने वृद्धजनों के लिए चल रही योजनाओं का भी जिक्र किया. उन्होंने बताया कि सरकार बुजुर्गों के सम्मान और सहायता के लिए लगातार काम कर रही है. इसी कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के 33 लाख 71 हजार से ज्यादा हितग्राहियों को अप्रैल महीने की सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि भी जारी की गई. इसके तहत करीब 202 करोड़ 26 लाख रुपये सीधे लाभार्थियों के खातों में ट्रांसफर किए गए. यह राज्यस्तरीय कार्यक्रम सिंगरौली के एनसीएल ग्राउंड में आयोजित हुआ, जहां मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक के जरिए पात्र हितग्राहियों के खातों में राशि भेजी. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और विकास कार्यों के साथ विभिन्न योजनाओं की सौगात मिलने पर खुशी जताई.
यह भी पढ़ें- हर महीने 5000 तक पेंशन! जानिए Atal Pension Yojana की पूरी डिटेल, कौन और कैसे कर सकते हैं अपलाई
यह भी पढ़ें- MP में किसानों की बल्ले-बल्ले! भू-अर्जन संशोधन से यूं मिलेगा बंपर फायदा
यह भी पढ़ें- इस देश में टॉयलेट सीट की होती है पूजा, जानें हैरान कर देने वाली कहानी









