रीवा/अरविन्द तिवारी/ रीवा में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चोरहटा पुलिस की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। पुलिस ने करीब 80 किलो गांजा जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में एक लग्जरी चार पहिया वाहन समेत करीब 10 लाख रुपये का मशरूका बरामद होने की जानकारी है। आईजी गौरव राजपूत और एसपी डॉ. गुरुकिरण सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत चोरहटा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान त्रिवेणी जायसवाल, सत्येंद्र सिंह सिकरवार और राकेश कुमार साकेत, निवासी महसांव, थाना गुढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 80 किलो गांजा और तस्करी में इस्तेमाल चार पहिया वाहन जब्त किया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और कहां पहुंचाई जानी थी। साथ ही तस्करी के पीछे सक्रिय अन्य लोगों और नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। फिलहाल तीनों आरोपी पुलिस हिरासत में हैं और मामले में आगे की जांच जारी है।









