रीवा/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश की सियासत में एक बार फिर मुख्यमंत्री पद को लेकर अटकलों के बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल ने डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि डिप्टी सीएम इतनी जल्दी इस्तीफा नहीं देंगे, क्योंकि वे बीजेपी के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं और उनके ऊपर पार्टी के बड़े नेताओं का हाथ है।
जंतर-मंतर तक से की तुलना
अजय सिंह राहुल ने राजनीतिक अंदाज में कहा कि अगर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से उनकी कोई राजनीतिक खींचतान होती भी है तो ऊपर बैठे नेताओं का संरक्षण उन्हें मिला हुआ है। उन्होंने कहा कि यदि कभी हालात 'जंतर-मंतर' जैसे बन जाएं, तभी इस्तीफे की संभावना बन सकती है।
CM बदलने की अटकलों पर भी कसा तंज
अजय सिंह राहुल ने मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रही चर्चाओं पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसी बातें सुनने को मिल रही हैं कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की विदाई की चर्चा चल रही है और राजेंद्र शुक्ल को मुख्यमंत्री बनाए जाने की बात कही जा रही है।
हालांकि, उन्होंने इन चर्चाओं को लेकर कोई दावा नहीं किया, बल्कि राजनीतिक तंज के तौर पर इसे सामने रखा। उनके बयान के बाद प्रदेश की सियासत में मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रही अटकलों की चर्चा एक बार फिर तेज हो गई है।
उज्जैन में क्यों रात नहीं रुकते ज्योतिरादित्य सिंधिया… फिर कहा रुकते हैं सिंधिया जानिये!
स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी साधा निशाना
कांग्रेस नेता ने प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर भी डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि व्यवस्था कितनी भी बदहाल हो जाए, लेकिन राजेंद्र शुक्ल के कान पर जूं तक नहीं रेंगती। उन्होंने संबंधित अस्पताल का जिक्र करते हुए कहा कि इस अस्पताल के निर्माण और विकास में 'दाऊ साहब' और श्रीनिवास तिवारी का बड़ा योगदान रहा है। अजय सिंह ने कहा कि आज अस्पताल की स्थिति देखकर दोनों ही दुखी होते।
बयानबाजी का दौर फिर होगा तेज
अजय सिंह राहुल के इस बयान के बाद मध्यप्रदेश की राजनीति में डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सियासी बयानबाजी तेज होने के आसार हैं, क्योंकि विंध्य की राजनीति में बड़ा मुकाम रखने वाले पू्र्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह काफी दिनों पर फ्रंट में आकर मैदान संभाला है।
Bhopal News: महापौर मालती राय की कार में आग लगाने की कोशिश… कर्मचारी का जमकर हंगामा









