समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने अयोध्या स्थित राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में केवल छोटे कर्मचारियों पर कार्रवाई की जा रही है, जबकि असली जिम्मेदार लोगों को बचाने की कोशिश हो रही है. लखनऊ स्थित सपा कार्यालय में आयोजित ब्राह्मण सम्मेलन को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि जिन्होंने भगवान श्रीराम के नाम पर मिले धन में गड़बड़ी की है, उन्हें इसका परिणाम भुगतना पड़ेगा. उन्होंने दावा किया कि जनता और भगवान श्रीराम ऐसे लोगों को आगे बढ़ने का मौका नहीं देंगे.
भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि चढ़ावा चोरी मामले में बड़ी साजिश हुई है. उन्होंने कहा कि दान पात्र पर ताला लगा होने के बावजूद नीचे से रास्ता बनाया गया. सपा प्रमुख ने इसे बेहद गंभीर मामला बताते हुए कहा कि इतनी बड़ी चोरी छोटे कर्मचारियों के स्तर पर संभव नहीं है. उन्होंने कहा कि अगर चोरी हुई है तो इसमें बड़े लोगों की भूमिका की जांच होनी चाहिए. अखिलेश ने आरोप लगाया कि कार्रवाई के नाम पर सिर्फ छोटे कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि असली दोषियों तक पहुंचने की कोशिश नहीं की जा रही.
दान की रसीद को लेकर भी उठाए सवाल
अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने अयोध्या की कई यात्राएं कीं, लेकिन उन्हें इस मामले की जानकारी क्यों नहीं हुई. राम मंदिर में दान की रसीद मांगने के मुद्दे पर अखिलेश ने कहा कि हिंदू परंपराओं में दान आस्था और श्रद्धा से जुड़ा होता है. उन्होंने भाजपा नेताओं पर इस मुद्दे को राजनीतिक रंग देने का आरोप लगाया.
भाजपा पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप
सपा प्रमुख ने उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को लेकर भी बयान दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि पहले भी फर्जी रसीद से जुड़े मामले सामने आए हैं. अखिलेश ने भाजपा पर भ्रष्टाचार और जनता के साथ अन्याय करने का आरोप लगाया. उन्होंने ई20 पेट्रोल को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए और कहा कि इस मामले में लोगों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
एक्सप्रेसवे निर्माण को लेकर भी सरकार पर हमला
अखिलेश यादव ने प्रदेश में बने एक्सप्रेसवे की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए. उन्होंने लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के निर्माण में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया और कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में जनता के साथ लगातार धोखा हुआ है. उन्होंने दावा किया कि मौजूदा सरकार में लोगों की समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है और जनता के साथ ऐसा व्यवहार पहले कभी नहीं हुआ.









