अनूपपुर/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिला मुख्यालय में तहसील के पास बनाए गए वेयरहाउस से 24 ईवीएम मशीनें गायब होने का मामला सामने आया है। इनमें 8 बैलेट यूनिट और 16 कंट्रोल यूनिट शामिल हैं। स्थानीय चुनावों के लिए इन मशीनों को वर्ष 2014 से सुरक्षित रखे जाने की जानकारी सामने आई है। मामले में अनूपपुर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भौतिक सत्यापन में सामने आईं 24 मशीनें कम
दर्ज शिकायत के अनुसार, 16 मार्च 2026 को वेयरहाउस के निरीक्षण के दौरान वहां 620 कंट्रोल यूनिट और 1,620 बैलेट यूनिट मौजूद थीं। इसके बाद तहसील भवन के डिसमेंटल किए जाने के दौरान ईवीएम मशीनों को इसी महीने पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास तहसील कार्यालय में बनाए गए नए वेयरहाउस में स्थानांतरित किया गया था। 24 से 28 सितंबर तक ईवीएम का भौतिक सत्यापन कराया गया। इस दौरान रिकॉर्ड के मुकाबले 8 बैलेट यूनिट और 16 कंट्रोल यूनिट कम पाई गईं। सत्यापन के बाद कुल 24 ईवीएम मशीनों के गायब होने की पुष्टि हुई।
तहसील भवन के डिसमेंटल के दौरान चोरी की आशंका
प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि तहसील भवन के डिसमेंटल के दौरान अज्ञात लोगों ने इन ईवीएम मशीनों को चोरी कर लिया होगा। हालांकि, चोरी कब और किस तरह हुई, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस ने शिकायत में दर्ज मशीनों के सीरियल नंबर के आधार पर भी जांच शुरू की है।
Ujjain News: बाबा महाकाल के भक्तों के लिए खुशखबरी… नि:शुल्क प्रसाद की सुविधा शुरू
उपचुनाव के नतीजों से दो दिन पहले मामला आया सामने
ईवीएम गायब होने का मामला ऐसे समय सामने आया है, जब मध्यप्रदेश में 103 पदों के लिए हुए उपचुनाव का मतदान दो दिन पहले ही पूरा हुआ है और 3 अक्टूबर को परिणाम घोषित होने हैं। ऐसे में ईवीएम के गायब होने की खबर के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर भी सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, अनूपपुर में गायब मिली मशीनों का इन हालिया उपचुनावों में इस्तेमाल हुआ था या नहीं, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
कोतवाली प्रभारी उमेश उपाध्याय ने बताया कि ईवीएम मशीनों के नहीं मिलने की शिकायत पुलिस को प्राप्त हुई है। शिकायत में गायब मशीनों के सीरियल नंबर भी दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कमांडो अरुण कुमार गौतम जिलाबदर… RTO की अवैध वसूली के खिलाफ उठाई थी आवाज









