Jitu Patwari Jail: मध्यप्रदेश की सियासत और कानूनी गलियारों से एक बड़ी और कांग्रेस खेमे को हिला देने वाली खबर सामने आ रही है। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी के खिलाफ ग्वालियर की विशेष एमपी-एमएलए कोर्ट ने गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया है। लोकसभा चुनाव के दौरान बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी के खिलाफ अमर्यादित और विवादित बोल के मामले में कोर्ट ने यह सख्त रुख अख्तियार किया है।
पुलिस की ढिलाई, कोर्ट की टिप्पणी
विशेष कोर्ट ने मामले की सुनवाई के दौरान पुलिसिया कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। अदालत ने साफ शब्दों में खाकी को फटकार लगाते हुए कहा है कि जब जीतू पटवारी हर जगह दिखाई दे रही हैं, तो पुलिस उन्हें ढूंढने में क्यों नाकाम साबित हो रही है? कोर्ट ने भिंड पुलिस अधीक्षक को निर्देश जारी किए हैं कि आगामी सुनवाई पर पीसीसी चीफ जीतू पटवारी की कोर्ट में व्यक्तिगत उपस्थिति हर हाल में सुनिश्चित कराई जाए।
चुनावी सभा में अमर्यादित भाषा
दरसअल, मामला 2024 के लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान का है, जब 27 अप्रैल 2024 को जीतू पटवारी भिंड जिले के दौरे पर थे। उन्होंने भिंड-दतिया सीट से कांग्रेस प्रत्याशी फूल सिंह बरैया के समर्थन में ऊमरी कस्बे में एक चुनावी रैली को संबोधित किया था। आरोप है कि मंच से उन्होंने कांग्रेस छोड़ बसपा में गए देवाशीष जरारिया पर बिना किसी पैसों के लेन-देन और बीजेपी से सांठगांठ करने के गंभीर आरोप लगाए थे और अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया था।
दर्ज हुई थी एफआईआर
देवाशीष जरारिया की लिखित शिकायत पर संज्ञान लेते हुए 4 मई 2024 को भिंड के ऊमरी थाने में जीतू पटवारी के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई थी, जिसके बाद अब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष फंसते नजर आ रहे हैं। राजनैतिक जानकारों की माने तो कांग्रेस पहले से ही बैकफुट पर थी और अब जीतू पटवारी के खिलाफ जारी हुए इस गिरफ्तारी वारंट ने पार्टी की मुश्किलें बढ़ा दी है। अगर कोर्ट सख्त कार्रवाई करता है तो पटवारी को जेल भी हो सकती है।









