जबलपुर में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पहुंचे, जहां सिविल लाइन स्थित महाधिवक्ता प्रशांत सिंह के निवास पर उन्होंने कथा की। इस दौरान सनातन धर्म और हिंदू एकता को लेकर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि सनातन की एकता के लिए लोगों को जातिवाद से ऊपर उठकर राष्ट्रवाद के लिए खड़ा होना होगा। उन्होंने बताया कि इसी उद्देश्य को लेकर 5 दिन में 5 जिलों से होकर करीब 500 किलोमीटर की पदयात्रा निकाली जाएगी।
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के मुताबिक यह सनातन एकता यात्रा छतरपुर, पन्ना, टीकमगढ़, सागर और दमोह से होकर गुजरेगी। यात्रा के दौरान प्रत्येक जिले में हनुमान हवन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और हिंदू सनातनी भारत की एकता एवं अखंडता की शपथ लेंगे। उन्होंने कहा कि उद्देश्य ऐसा भारत बनाना है जो एक हो और नेक हो, सनातन की क्रांति के जरिए विश्व में शांति का संदेश पहुंचे।









