उमरिया/ केजी पांडेय/ खबर डिजिटल/ जिले के चंदिया थाना अंतर्गत बाका गांव में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। जानकारी के अनुसार, बाका निवासी राकेश सिंह बाइक से जा रहे थे कि अचानक ट्रेक्टर से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में राकेश सिंह की घटना स्थल पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने तुरंत इसकी सूचना चंदिया पुलिस को दी। पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रेक्टर चालक ने बाइक को ओवरटेक करते समय सावधानी नहीं बरती, जिससे यह भीषण दुर्घटना हुई।
स्थानीय ग्रामीण और आसपास के लोग घटनास्थल पर इकट्ठा हो गए। पुलिस ने आसपास के लोगों से बयान भी लिए और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए ट्रेक्टर को कब्जे में लिया।
पुलिस का कहना है कि मृतक के परिजन को भी सूचना दे दी गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। यह हादसा सड़क सुरक्षा और वाहन चलाते समय सावधानी बरतने की आवश्यकता को फिर से उजागर करता है।







