डिंडोरी /खबर डिजिटल /शैलेश नामदेव/ त्योहार के अवसर पर फुटपाथ पर दीपावली से जुड़ी दुकानें लगाने वाले छोटे व्यापारियों से अब नगर परिषद द्वारा किसी भी प्रकार का टैक्स या शुल्क नहीं वसूला जाएगा। इस संबंध में मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) वेदप्रकाश पुरी ने तत्काल प्रभाव से आधिकारिक आदेश जारी कर दिए हैं।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी वेदप्रकाश पुरी द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के वे छोटे व्यापारी जो दीये, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां, पूजन सामग्री, फूल-मालाएं और सजावटी सामान फुटपाथ पर बेचते हैं, उनसे नगर परिषद की टीम या राजस्व अमला कोई वसूली नहीं करेगा।
यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। आदेश का मुस्तैदी से पालन सुनिश्चित करने के लिए इसकी प्रतिलिपि कलेक्टर डिंडौरी, संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन एवं विकास जबलपुर, नगर परिषद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, राजस्व प्रभारियों और सभी संबंधित जोन प्रभारियों को प्रेषित की गई है।
नगर परिषद के इस संवेदनशील निर्णय से त्योहार के दौरान अस्थायी दुकानें लगाकर अपनी आजीविका चलाने वाले छोटे दुकानदारों को सीधी आर्थिक राहत मिलेगी।
दीपावली पूजन व सजावट सामग्री बेचने वाले विक्रेताओं को शून्य शुल्क की सुविधा।
दूर-दराज के गांवों से आकर शहर में सामान बेचने वाले ग्रामीणों को विशेष राहत।
बिना किसी अनुचित वसूली के व्यापारी निश्चिंत होकर कर सकेंगे कारोबार।
स्थानीय निकायों द्वारा उठाया गया यह कदम न केवल छोटे और सीमांत व्यापारियों का आर्थिक बोझ कम करेगा, बल्कि त्योहार के सीजन में स्थानीय स्वरोजगार और छोटे कारोबारियों के उत्साह को भी दोगुना करेगा।







