बालाघाट/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के ग्राम जगला में पांच महीने का एक बच्चा इन दिनों लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की एक मुलाकात के बाद बच्चे की जिंदगी में ऐसा बदलाव आया कि उसकी पहचान ही बदल गई। दरअसल, राहुल गांधी ने हाल ही में बच्चे को गोद में लेकर दुलार किया था। इस मुलाकात से प्रभावित होकर उसकी मां ने बेटे का नाम लोकेश से बदलकर राहुल रख दिया। अब परिवार के लोग उसे इसी नाम से बुलाते हैं।
राहुल नाम सुनकर बच्चे से मिलने पहुंच रहे लोग
राहुल गांधी से मुलाकात के बाद यह बच्चा गांव में चर्चा का विषय बन गया है। उसे देखने के लिए दूर-दूर से लोग ग्राम जगला पहुंच रहे हैं। लोग बच्चे के साथ तस्वीरें खिंचवा रहे हैं और उसे उपहार भी दे रहे हैं। कुछ लोग जाते समय परिवार को पैसे देकर भी जा रहे हैं। बच्चे की मां बम्हनी ने बताया कि शुक्रवार शाम दो वाहनों में सवार होकर कुछ लोग खास तौर पर उनके बेटे से मिलने गांव पहुंचे थे। राहुल गांधी से मुलाकात के बाद उनके बेटे को लेकर लोगों की दिलचस्पी लगातार बढ़ रही है।
Breaking News: नमकीन से भरे कंटेनर में लगी भीषण आग… आग का गोला बना कंटेनर!
बीमारी से ठीक हुआ बच्चा, परिवार ने बताई दूसरी परेशानी
परिवार के मुताबिक, लोकेश करीब दो महीने पहले बीमार पड़ गया था। हालांकि, उपचार मिलने के बाद उसकी तबीयत में सुधार हुआ और वह ठीक हो गया। दूसरी ओर, गांव में बच्चों की बीमारी से मौत के मामले ने परिवारों की चिंता बढ़ा दी है। परिवार का कहना है कि लोकेश की बहन नीलम समेत गांव के चार बच्चों की बीमारी के कारण मौत हो चुकी है। इसके बावजूद प्रभावित परिवारों को अब तक मुआवजा नहीं मिला है। ऐसे में एक ओर राहुल गांधी की मुलाकात के कारण बच्चा चर्चा में है, वहीं दूसरी ओर परिवार को आर्थिक सहायता मिलने का इंतजार है।
MP News: नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने साधा करारा निशाना… कटघरे में बीजेपी संगठन!









