उमरिया/ केजी पांडेय/ खबर डिजिटल/ विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व (BTR) के बफर और राजस्व क्षेत्रों में वन्यजीवों की सक्रियता ग्रामीणों के लिए जानलेवा साबित हो रही है। ताजा मामला रिजर्व से सटे महुआ हार क्षेत्र का है, जहां शुक्रवार को एक जंगली भालू ने 65 वर्षीय ग्रामीण पर प्राणघातक हमला कर दिया। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
आटे की चक्की से लौटते समय हुआ हमला
जानकारी के अनुसार, ग्राम रायपुर निवासी कमल सिंह (65) पास के गांव से गेहूं पिसाकर अपने घर लौट रहे थे। तभी महुआ हार के पास घात लगाकर बैठे एक जंगली भालू ने अचानक उन पर हमला कर दिया।
भालू ने वृद्ध की जांघ पर गहरे घाव कर दिए, जिससे वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिन्हें देखकर भालू जंगल की ओर भाग निकला।
जिला अस्पताल में उपचार जारी
परिजनों और ग्रामीणों की मदद से घायल कमल सिंह को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, वृद्ध की जांघ और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं, फिलहाल उनका उपचार जारी है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
वन विभाग ने बढ़ाई गश्त
घटना की सूचना मिलते ही बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। विभाग ने रायपुर और आसपास के संवेदनशील गांवों में गश्त बढ़ा दी है। वन अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे जंगल से सटे इलाकों में अकेले जाने से बचें और विशेष सतर्कता बरतें।









