सिवनी/ राकेश यादव/ मानव दुर्व्यापार (मानव तस्करी) के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना बंडोल पुलिस द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बंडोल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को मानव तस्करी से जुड़े अपराधों, उसके तरीकों, बचाव के उपायों तथा संदिग्ध गतिविधियों की पहचान के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को देना आवश्यक है।
इस दौरान विद्यार्थियों को आपातकालीन सहायता के लिए महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर भी नोट कराए गए, जिनमें महिला हेल्पलाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 एवं पुलिस हेल्पलाइन 112 शामिल हैं। पुलिस ने विद्यार्थियों से इन नंबरों का आवश्यकता पड़ने पर तत्काल उपयोग करने और दूसरों को भी इनके बारे में जागरूक करने की अपील की।
कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों एवं युवाओं को मानव तस्करी जैसे गंभीर अपराध के प्रति जागरूक कर उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना है।









