रीवा/अरविन्द तिवारी/ खबर डिजिटल/ भैरवलोक गुढ़ में आयोजित लोकार्पण समारोह क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक क्षण बन गया, जब मुख्यमंत्री ने जनसभा के बीच 17 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की घोषणा की। यह कार्यक्रम केवल औपचारिक लोकार्पण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि गुढ़ और आसपास के क्षेत्रों के लिए नए विकास युग की शुरुआत का संदेश बन गया।
मंच पर स्थानीय विधायक द्वारा किए गए आत्मीय स्वागत से मुख्यमंत्री बेहद प्रसन्न नजर आए। उन्होंने हंसते हुए जनता से पूछा, और पैसा दे दें क्या? इस पर पूरा पंडाल तालियों से गूंज उठा। उत्साहपूर्ण माहौल में मुख्यमंत्री ने सड़क, आधारभूत संरचना और जनसुविधाओं से जुड़े कई कार्यों को स्वीकृति देने की घोषणा की।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने रीवा से अपने पारिवारिक जुड़ाव का जिक्र करते हुए कहा, रीवा मेरी ससुराल है, जिससे सभा में आत्मीयता का वातावरण बन गया।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला, सांसद जनार्दन मिश्रा, विधायक नागेंद्र सिंह, नरेंद्र प्रजापति, सिद्धार्थ तिवारी ‘राज’, गिरीश गौतम, पूर्व विधायक के.पी. त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष नीता रावत सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान कई सरपंचों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने की घोषणा भी की। भैरवलोक परिसर विकास के नारों और जनसमर्थन से गूंजता रहा। यह आयोजन गुढ़ विधानसभा क्षेत्र के विकास इतिहास में महत्वपूर्ण पड़ाव के रूप में दर्ज हो गया।







