भोपाल/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में भाजपा विधायक प्रीतम लोधी के सरकारी आवास में चोरी का मामला सामने आया है। 45 बंगला स्थित विधायक के आवास का ताला तोड़कर अज्ञात चोर एक एक्टिवा, दो गैस सिलेंडर और नल की टोटियां चोरी कर ले गए। घटना का पता उस समय चला, जब विधायक अपने भतीजे के साथ वापस बंगले पर पहुंचे। शिकायत के आधार पर टीटी नगर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जुलाई से खाली था सरकारी आवास
पुलिस के मुताबिक, विधायक प्रीतम लोधी के भतीजे राजेश लोधी ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 23 जुलाई को दोपहर करीब 12 बजे वह अपने ताऊ प्रीतम लोधी के साथ सरकारी बंगले पर ताला लगाकर शिवपुरी चले गए थे। इसके बाद से आवास खाली था।
लौटे तो टूटा मिला ताला
राजेश लोधी के अनुसार, 30 सितंबर की रात करीब 11 बजे जब वे बंगले पर वापस पहुंचे, तो पीछे की तरफ लगा ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर जांच करने पर एक एक्टिवा, दो गैस सिलेंडर और नल की टोटियां गायब मिलीं। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
टीटी नगर पुलिस ने शुरू की जांच
शिकायत मिलने के बाद टीटी नगर पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ चोरी का प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस अब घटनास्थल की परिस्थितियों और चोरी गए सामान के संबंध में जानकारी जुटा रही है। फिलहाल आरोपी की पहचान और चोरी गए सामान की बरामदगी को लेकर जांच जारी है।









