Bhopal Crime: राजधानी भोपाल के गुनगा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रतुआ इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 17 वर्षीय एक छात्रा ने पिता की मामूली डांट से नाराज होकर मौत का आत्मघाती कदम उठा लिया। शनिवार-रविवार की दरमियानी रात घर में मोबाइल चलाने को लेकर हुई टोकताकी से नाराज होकर छात्रा ने घर में रखा जहरीला पदार्थ गटक लिया। छात्रा की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर भागे, जहां रविवार की सुबह इलाज के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया।
बाथरूम में जाकर खाया जहर
पुलिस और पारिवारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, रतुआ निवासी जगदीश कुशवाहा की सबसे बड़ी बेटी खुशी कुशवाहा शनिवार देर रात अपने बिस्तर पर मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रही थी। देर रात तक बेटी को फोन चलाते देखकर पिता जगदीश ने उसे पढ़ाई पर ध्यान देने और समय पर सोने की नसीहत देते हुए थोड़ी फटकार लगा दी।
छात्रा ने गुस्से में उठाया कदम
पिता की डांट खुशी को इतनी नागवार गुजरी कि वह बिना कुछ बोले चुपचाप उठी और घर के बाथरूम में चली गई। वहां उसने चुपके से सल्फास की गोलियां खा लीं। कुछ देर बाद जब वह बाहर आई, तो उसे लगातार उल्टियां होने लगीं और उसकी हालत बिगड़ने लगी। घबराए माता-पिता ने जब सख्ती से पूछा, तब खुशी ने रोते हुए सल्फास खाने की बात कबूली। परिजन बिना एक पल गंवाए उसे लेकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद रविवार सुबह उसकी सांसें थम गईं।
फर्स्ट डिवीजन से पास की थी छात्रा
घटना ने क्षेत्र के लोगों को भी हैरान कर दिया है, क्योंकि खुशी पढ़ाई में बेहद होनहार थी। उसने इसी साल घोषित हुए नतीजों में 12वीं की बोर्ड परीक्षा प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण की थी। वह आगे की पढ़ाई के लिए भानपुर स्थित एक निजी कॉलेज में एडमिशन लेने की तैयारियों में जुटी हुई थी। खुशी के चले जाने से उसकी छोटी बहन और छोटे भाई के सिर से बड़ी बहन का साया उठ गया है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना की सूचना मिलते ही गुनगा थाना पुलिस की टीम अस्पताल पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला मोबाइल चलाने पर पिता द्वारा दी गई फटकार से नाराज होकर आत्महत्या करने का लग रहा है। पुलिस ने फिलहाल मामल दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों और आसपास के लोगों के बयान दर्ज होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।







