भोपाल और दिल्ली के बीच यात्रा करने वाले रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर सामने आई है. लगातार बढ़ती भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट को देखते हुए रेलवे ने Bhopal Express में स्थायी रूप से एक अतिरिक्त थर्ड एसी कोच जोड़ने का फैसला किया है. इस फैसले से उन यात्रियों को सबसे ज्यादा राहत मिलने वाली है जिन्हें कन्फर्म टिकट के लिए लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता था.
रेलवे यात्रियों के लिए बड़ी खबर
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक गाड़ी संख्या 12155 रानी कमलापति-हजरत निजामुद्दीन भोपाल एक्सप्रेस में 24 जून से नया थर्ड एसी कोच जोड़ा जाएगा. वहीं वापसी दिशा में चलने वाली गाड़ी संख्या 12156 हजरत निजामुद्दीन-रानी कमलापति एक्सप्रेस में यह सुविधा 27 जून से लागू होगी. रेलवे का कहना है कि यह अतिरिक्त कोच स्थायी रूप से ट्रेन का हिस्सा रहेगा.
भोपाल एक्सप्रेस में जुड़ा एक और कोच
भोपाल एक्सप्रेस दिल्ली रूट की सबसे व्यस्त और लोकप्रिय ट्रेनों में गिनी जाती है. सालभर इस ट्रेन में यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिलती है. खासतौर पर नौकरीपेशा लोग, छात्र और व्यापार से जुड़े यात्री बड़ी संख्या में इस ट्रेन से सफर करते हैं. ऐसे में अक्सर यात्रियों को लंबी वेटिंग का सामना करना पड़ता था. अब नए थर्ड एसी कोच के जुड़ने से यात्रियों को ज्यादा रिजर्व सीटें मिल सकेंगी. इससे वेटिंग लिस्ट कम होने की उम्मीद जताई जा रही है. साथ ही यात्रियों को पहले के मुकाबले ज्यादा आरामदायक सफर का अनुभव मिलेगा.
रेलवे ने क्या कहा
रेलवे का मानना है कि अतिरिक्त कोच से भीड़ प्रबंधन बेहतर होगा और यात्रा व्यवस्था अधिक सुचारु तरीके से संचालित की जा सकेगी. यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा से पहले ट्रेन का अपडेटेड कोच कंपोजिशन रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, ऐप या पूछताछ सेवा से जरूर चेक कर लें ताकि सफर के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो.









