डेस्क। भोपाल मेट्रो में सफर करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। सुभाष नगर से एम्स तक चलने वाली मेट्रो सेवा 24 और 25 जून को अस्थायी रूप से बंद रहेगी। इन 2 दिनों के दौरान मेट्रो कॉरिडोर पर सुरक्षा और सिग्नलिंग सिस्टम का परीक्षण किया जाएगा।
मेट्रो प्रबंधन के अनुसार, कमिश्नर ऑफ मेट्रो रेल सेफ्टी (CMRS) द्वारा कॉरिडोर का निरीक्षण और तकनीकी ट्रायल किया जाएगा। परीक्षण पूरा होने के बाद 26 जून से मेट्रो सेवाएं फिर से सामान्य रूप से शुरू कर दी जाएंगी।
7 किलोमीटर के प्रायोरिटी कॉरिडोर पर चल रही है मेट्रो
भोपाल मेट्रो का संचालन सुभाष नगर से एम्स तक लगभग 7 किलोमीटर लंबे प्रायोरिटी कॉरिडोर पर शुरू हो चुका है। इसके साथ ही भोपाल देश का 26वां मेट्रो शहर बन गया है। इस रूट से शहर के कई प्रमुख इलाकों को बेहतर परिवहन सुविधा मिल रही है।
कई दिनों से चल रही थी तैयारी
मेट्रो प्रबंधन पिछले कई हफ्तों से इस निरीक्षण की तैयारी कर रहा था। हाल ही में भोपाल मेट्रो में ऑटोमेटिक फेयर कलेक्शन सिस्टम लागू किया गया है। इसके बाद सिग्नलिंग सिस्टम की जांच को प्रोजेक्ट का अहम चरण माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि इस परीक्षण से मेट्रो की संचालन क्षमता और सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
2028 तक पूरा होगा पहला चरण
भोपाल मेट्रो परियोजना के पहले चरण में ऑरेंज लाइन और ब्लू लाइन का निर्माण किया जा रहा है। ऑरेंज लाइन करौंद से एम्स तक 16.74 किलोमीटर लंबी होगी, जबकि ब्लू लाइन भदभदा से रत्नागिरी तिराहा तक 14.16 किलोमीटर की होगी।
करीब 10,033 करोड़ रुपए की लागत वाले इस प्रोजेक्ट के तहत 2028 तक करीब 30 किलोमीटर लंबा मेट्रो नेटवर्क तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। भविष्य में 6 कॉरिडोर और 100 किलोमीटर से ज्यादा नेटवर्क विकसित करने की भी योजना है।
ये खबर भी पढ़ें..









