भोपाल/ परवेज खान/ खबर डिजिटल/ राजधानी के नए पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने सोमवार को पदभार संभाल लिया। उन्होंने अपने पूर्ववर्ती हरिनारायण चारी मिश्रा से चार्ज लिया। पद संभालते ही संजय कुमार ने कहा कि बड़े शहर के अपने अलग चैलेंज होते हैं और इनसे निपटने के लिए सभी एक टीम के रूप में काम करेंगे।
भारतीय पुलिस सेवा के 2004 बैच के अफसर संजय कुमार पहले बालाघाट में आईजी पद पर तैनात थे। बालाघाट को नक्सल मुक्त बनाने के बाद अब उन्हें राजधानी भोपाल में पुलिस कमिश्नर की जिम्मेदारी दी गई है।
मीडिया से बातचीत में संजय कुमार ने कहा कि बड़े शहर में क्राइम, साइबर क्राइम, ट्रैफिक व्यवस्था, वीआईपी सुरक्षा और लॉ एंड आर्डर जैसे कई चैलेंज हैं। उन्होंने कहा कि अन्य विभागों और लोगों के साथ मिलकर नशे पर भी अंकुश लगाया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि सभी अधिकारी और कर्मचारी मिलकर टीम के रूप में काम करेंगे, ताकि अपराधों की समीक्षा कर रणनीति बनाई जा सके और सुरक्षित माहौल सुनिश्चित किया जा सके।
वहीं, हरिनारायण चारी मिश्रा अब एससीआरबी में आईजी के पदभार संभालेंगे।









