भोपाल में इन दिनों बिजली कटौती ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. शहर के कई हिस्सों में मेंटनेंस के नाम पर रोजाना घंटों तक बिजली बंद रखी जा रही है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है. मंगलवार को भी करीब 35 इलाकों में 2 से 5 घंटे तक बिजली सप्लाई बंद रहने की जानकारी दी गई थी. बिजली कंपनी का कहना है कि यह कटौती लाइन सुधार और उपकरणों की देखभाल के लिए जरूरी है, लेकिन भीषण गर्मी के बीच इस तरह की लंबी कटौती लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई है. सुबह से ही कई जगहों पर लोग पानी, कूलर और रोजमर्रा के कामों को लेकर जूझते नजर आए.
यहां खूब हो रही है बिजली कटौती
इसका असर सिर्फ घरों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि छोटे कारोबारी, दुकानदार और दफ्तरों को भी नुकसान उठाना पड़ा. जिन इलाकों में सुबह से दोपहर तक बिजली बंद रही, वहां गर्मी के कारण हालात और मुश्किल हो गए. कई जगहों पर इन्वर्टर भी ज्यादा देर तक साथ नहीं दे पाए. स्थानीय लोगों का कहना है कि मेंटनेंस जरूरी है, लेकिन इसे बेहतर तरीके से प्लान किया जाना चाहिए ताकि लोगों को कम परेशानी हो. लगातार और लंबे समय तक बिजली कटौती से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है.
इतने से इतने बजे तक बिजली रही गुल
सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक सर्वधर्म ए और बी सेक्टर, शालीमार गार्डन, शालीमार पार्क और आसपास के इलाकों में बिजली सप्लाई बंद रही. इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को करीब पांच घंटे तक बिना बिजली के रहना पड़ा. लोगों का मानना है कि अगर मेंटनेंस का काम चरणबद्ध तरीके से और वैकल्पिक व्यवस्था के साथ किया जाए, तो असर कम हो सकता है.
सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक मछली मार्केट, इतवारा और इस्लामपुरा जैसे व्यस्त बाजारों में बिजली बंद रही, जिससे दुकानदारों को नुकसान हुआ और ग्राहकों की संख्या भी कम रही. इसी तरह आईएसबीटी, 6 शेड, कस्तूरबा नगर, पलकमती पार्क, कोटरा और ब्रजसेन नगर में सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक बिजली गुल रही, जिससे घरों में कामकाज प्रभावित हुआ.
सबसे ज्यादा असर उन इलाकों में देखने को मिला जहां सुबह 10 से शाम 4 बजे तक बिजली बंद रही. इनमें राजेंद्र नगर, करारिया, हरसिद्धी कैम्पस, द्वारका नगर, कृष्णा नगर, सेमरा, खेजड़ा, भानपुर, कोलुआ, दामखेड़ा और खुशीपुरा शामिल हैं. यहां लोगों को पूरे दिन गर्मी में बिना बिजली के रहना पड़ा.
दोपहर के समय भी कई जगह सप्लाई प्रभावित रही. सीआई कॉलोनी में 12 से 2 बजे तक और फिरदोश नगर, शीतला नगर, निशातपुरा, श्रीनगर, सरदार नगर और नारियलखेड़ा में 12 से 3 बजे तक बिजली नहीं रही.
क्या बोले बिजली कंपनी
बिजली कंपनी का कहना है कि गर्मी के मौसम से पहले नेटवर्क को मजबूत करने के लिए यह जरूरी कदम है. हालांकि लोगों का कहना है कि बार-बार की कटौती से उनकी दिनचर्या बुरी तरह प्रभावित हो रही है. कई इलाकों में पानी की सप्लाई भी बिजली पर निर्भर है, जिससे परेशानी और बढ़ जाती है.









