Bhopal Railway: भारतीय रेलवे ने यात्रियों के सफर को किफायती बनाने की दिशा में एक बड़ा फैसला लिया है। पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल ने आधिकारिक घोषणा करते हुए बताया है कि पात्रता रखने वाले दिव्यांग यात्रियों को रेल किराए में 75 प्रतिशत तक की रियायत प्रदान की जाएगी। इतना ही नहीं, सुरक्षा और सहायता के लिहाज से उनके साथ यात्रा करने वाले सहायकों को भी 25 से लेकर 75 प्रतिशत तक का डिस्काउंट दिया जाएगा।
इन यात्रियों को मिलेगी छूट
दृष्टिबाधित यात्री
मानसिक रूप से दिव्यांग नागरिक
मूक और बधिर व्यक्ति (दोनों दिव्यांगता एक साथ होने पर)
लोकोमोटर दिव्यांग यानी अस्थि दिव्यांग यात्री।
सहायकों को भी सम्मान
रेलवे के नियमों के मुताबिक, इस योजना के अंतर्गत जिस श्रेणी में दिव्यांग यात्री को जितनी रियायत मिलेगी, उतनी ही प्रतिशत की छूट उनके साथ चलने वाले एक सहायक को भी मिलेगी।
दिव्यांगजन कन्सेशन कार्ड अनिवार्य
इस बंपर छूट का लाभ सीधे टिकट बुकिंग के समय पाने के लिए यात्रियों के पास रेलवे द्वारा मान्यता प्राप्त दिव्यांगजन रियायत कार्ड होना अनिवार्य है। भोपाल मंडल ने इस दिशा में कमान संभालते हुए 17 जून 2026 तक रिकॉर्ड 651 डिजिटल कन्सेशन कार्ड जारी कर दिए हैं। इस कार्ड की यूनिक आईडी को IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट या मोबाइल ऐप पर बुकिंग के समय दर्ज करके यात्री घर बैठे ही सीधे रियायती टिकट बुक कर सकते हैं।
घर बैठे करें ऑनलाइन आवेदन
अब इस पास को बनवाने के लिए दिव्यांगों को रेलवे दफ्तरों या काउंटरों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं है। यात्री भारतीय रेलवे के डिजिटल पोर्टल divyangjanid.indianrail.gov.in पर जाकर दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड कर सकते हैं।
लगेगे ये दस्तावेज
दिव्यांगता प्रमाणपत्र: जिला मेडिकल बोर्ड या सरकारी अस्पताल द्वारा जारी वैध सर्टिफिकेट
रेलवे का रियायत प्रमाणपत्र: अधिकृत डॉक्टर द्वारा प्रमाणित Railway Concession Certificate
पहचान एवं पते का सुराग: भारत सरकार द्वारा जारी वोटर आईडी कार्ड या पहचान पत्र
आयु प्रमाण पत्र: जन्मतिथि की पुष्टि करने वाला कोई भी दस्तावेज या 10वीं की अंकसूची
नवीनतम फोटो: आवेदनकर्ता की एक हालिया पासपोर्ट साइज फोटो
जैसे ही आप पोर्टल पर अपने दस्तावेजों को अपलोड करेंगे, रेलवे सेल द्वारा उनका वेरिफिकेशन किया जाएगा। दस्तावेज सही पाए जाने पर आपका दिव्यांगजन कन्सेशन कार्ड मंजूर कर लिया जाएगा, और इसकी तुरंत सूचना आपके मोबाइल नंबर पर SMS के माध्यम से भेज दी जाएगी, जिसे आप ऑनलाइन ही डाउनलोड कर सकते हैं।









