वाराणसी/खबर डिजिटल/ यूजीसी बिल पर फिलहाल सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगा दिया है, लेकिन फिर भी इसको लेकर बवाल मचा हुआ है,मंगलवार को यूजीसी बिल को लेकर BHU में छात्रों ने प्रदर्शन किया। बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में यूजीसी बिल को लागू कराने की मांग को लेकर छात्रों ने प्रदर्शन किया, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।
OBC और SC-ST वर्ग के छात्रों ने लिया भाग
यूजीसी बिल के समर्थन में किए प्रदर्शन में मुख्य रूप से OBC और SC-ST वर्ग के छात्रों ने भाग लिया। प्रदर्शन का आयोजन विश्वविद्यालय स्थित विश्वनाथ मंदिर के निकट किया गया था, जहां छात्रों ने सरकार से इस बिल को शीघ्र लागू करने की अपील की। वहीं इस प्रदर्शन के पहले आरक्षित वर्ग के छात्र-छात्राओं के बीच बैठकों का दौर चल रहा थ, जिसके चलते मंगलवार को बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने पोस्टर लेकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन कर यूजीसी बिल को लागू करने की मांग की।
बिल को लेकर छात्र-छात्राओं ने दिया तर्क
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने कहा कि यूजीसी बिल के जरिए उनके अधिकारों की रक्षा होगी, साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में एक सकारात्मक बदलाव भी आएगा। उन्होंने सरकार से अपील की है कि वह इस बिल को जल्द से जल्द पारित करे ताकि सभी छात्रों को समान अवसर मिल सकें। वहीं प्रदर्शन को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह चौकस नजर आया।









