डिंडोरी /खबर डिजिटल /शैलेश नामदेव / डिंडोरी जिले में अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। नवागत पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के निर्देशन में जिले भर में अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली डिंडोरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब का परिवहन कर रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने बड़ी मात्रा में शराब, नकदी, मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल जब्त की हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 18-19 मई 2026 की रात कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि राय सिटी क्षेत्र में कुछ लोग अवैध शराब के साथ मौजूद हैं और उसे परिवहन करने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की गई। राय सिटी क्षेत्र में जितेंद्र कुमार साहू के घर के पास दबिश दी गई, जहां संदिग्ध स्थिति में दो मोटरसाइकिल और तीन युवक खड़े मिले।
पुलिस ने तीनों संदिग्धों से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम शुभम कुमार गुप्ता (27) निवासी पांकी, जिला पलामू, झारखंड, पंकज प्रसाद गुप्ता (22) निवासी बरवैया, जिला लातेहार, झारखंड तथा विजय कुमार चौकसे (22) निवासी कछरा टोला, जिला अनूपपुर बताए। पुलिस को उनके जवाब संदिग्ध लगे, जिसके बाद तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 84.39 लीटर अवैध शराब बरामद की गई। पुलिस के अनुसार जब्त शराब की अनुमानित कीमत 79 हजार 235 रुपये आंकी गई है। इसके साथ ही आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन, दो मोटरसाइकिल और 53 हजार 370 रुपये नकद भी बरामद किए गए। पुलिस ने जब्त सामग्री की कुल कीमत 5 लाख 37 हजार 605 रुपये बताई है।
khabar Digital Hindi News Today, आज की बड़ी खबर, Top News Headlines
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक अवैध शराब की खेप को जिले में खपाने की तैयारी की जा रही थी। हालांकि समय रहते सूचना मिलने से पुलिस ने पूरी खेप को जब्त कर लिया और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी जिले में लंबे समय से इस कारोबार से जुड़े थे या किसी बड़े नेटवर्क के लिए काम कर रहे थे।
कोतवाली पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही आरोपियों से पूछताछ कर शराब के स्रोत और इसके सप्लाई नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
कोतवाली पुलिस की इस कार्रवाई के बाद जिले में अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जारी इस अभियान को जिले में कानून व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए ऐसे अभियान लगातार जारी रखने की मांग की हैं। इस कार्रवाई में कोतवाली प्रभारी दुर्गाप्रसाद नगपुरे सहित दिलीप झारिया, देवेंद्र पटले, हेमंत झारिया, श्याम तिवारी, सतेन्द्र डहरिया, और विनोद माहौर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।









