MP Cabinet Expansion: मध्यप्रदेश के राजनैतिक गलियारों से एक बड़ी खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री निवास में बीते मंगलवार की शाम को मुख्यमंत्री मोहन यादव और भाजपा प्रदेश कप्तान हेमंत खंडेलवाल के बीच बंद कमरे में कई घंटों तक मैराथन बैठक चली। इस हाई-लेवल बैठक को आगामी दिनों में होने वाले संभावित मंत्रिमंडल विस्तार और निगम-मंडलों में नियुक्तियों के तौर पर देखा जा रहा है।
समीक्षा और परफॉर्मेंस
मुख्यमंत्री मोहन यादव द्वारा पिछले दिनों की गई विभागीय समीक्षाओं के आधार पर कई मंत्रियों के काम की चर्चा की गई । सूत्रों की मानें तो खराब रिपोर्ट कार्ड वाले मंत्रियों की छुट्टी होने या उनके विभागों में बदलाव किए जाने को लेकर चर्चा हुई है। इस बैठक को मोहन सरकार के आगामी कैबिनेट विस्तार को लेकर भी देखा जा रहा है, जिसमें नए और युवा चेहरों को मंत्री पद सौंपने की तैयारी की जा रही है।
IDA और BDA में नए अध्यक्षों की तैयारी
सूत्रों के हवाले से पक्की खबर सामने आई है कि इंदौर विकास प्राधिकरण और भोपाल विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के पदों के लिए कुछ नए नामों पर नए सिरे से विचार किया गया है। जल्द ही इन मलाईदार पदों की घोषणा हो सकती है। इसके साथ ही जिन महत्वपूर्ण शासकीय आयोगों, निगमों, मंडलों और प्राधिकरणों में अभी तक पदाधिकारियों की नियुक्ति नहीं हुई है, उनकी सूची भी फाइनल की गई है। बैठक में हाल ही में घोषित हुई भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी के नेताओं की भूमिकाओं को लेकर भी दोनों बड़े नेताओं के बीच चर्चा हुई है।









