MP Transfer Cancel: मध्य प्रदेश के प्रशासनिक गलियारों में इन दिनों तबादलों को लेकर मचे घमासान के बीच एक बहुत बड़ी खबर सामने आई है। राजस्व विभाग के बाद अब सूबे के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग में ट्रांसफर लिस्ट को लेकर एक बड़ा धमाका हुआ है। विभाग ने महज 24 घंटे के अंदर एक बड़ा फैसला लेते हुए 94 अफसर-कर्मचारियों के तबादला आदेशों को निरस्त कर दिया है। मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, तबादला सूचियों में गड़बड़ी और शिकायतें सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंची थीं, जिसके बाद सरकार ने यह सख्त कार्रवाई अपनाई है।
गड़बड़ी मिलते ही निरस्तीकरण
विभाग द्वारा जारी की गई ट्रांसफर लिस्ट में नियमों की अनदेखी के मामले सामने आए थे। जैसे ही यह गड़बड़ी कप्तानों की नजर में आई, वैसे ही बिना किसी देरी के 94 आदेशों को कूड़ेदान में डाल दिया गया। इस पूरे यू-टर्न की सबसे बड़ी यह है कि जिन अधिकारी-कर्मचारियों ने पूर्व में हुए तबादलों के खिलाफ माननीय न्यायालय से स्टे ले रखा था, उन्हें भी नई सूची से पूरी तरह हटा दिया गया है। विभाग ने साफ कर दिया है कि प्रक्रिया का उल्लंघन किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं होगा।
पहले राजस्व, अब नगरीय निकाय
कुछ ही दिनों पहले सूबे के राजस्व विभाग में भी इसी तरह थोक बंद तबादलों को कैंसिल किया गया था। अब नगरीय प्रशासन विभाग में 94 आदेशों का पलटना साफ संकेत देता है कि सरकार तबादलों में पूरी तरह पारदर्शिता चाहती है। 24 घंटे के अंदर इतने बड़े पैमाने पर आदेशों के निरस्त होने से विभाग के आला अफसरों से लेकर निचले स्तर के कर्मचारियों तक में सुगबुगाहट तेज हो गई है।









