पटना, रिपोर्ट / अजीत रेनू / bihar nav hadsa news राजधानी पटना के बाढ़ स्थित उमानाथ मंदिर के सामने गंगा नदी में गुरुवार को नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई जबकि 2 लोग अब भी लापता हैं। एनडीआरएफ की टीम लापता लोगों की तलाश में जुटी है। नाव पर कुल 14 लोग सवार थे।
5 शव बरामद, 2 की तलाश जारी
हादसे में लीला देवी (30), श्रवण महतो (36), काशी कुमार (14), कंचन उर्फ कबूतरी (16) और नीलम देवी (40) के शव बरामद कर लिए गए हैं। वहीं राहुल कुमार और ममता देवी अब भी लापता हैं।
तेज हवा और धार बनी हादसे की वजह
प्रत्यक्षदर्शी टुनटुन ने बताया कि नाव गंगा की तेज धार में फंस गई थी। वे लगातार नाव से पानी बाहर फेंक रहे थे। तेज हवा के बीच अचानक लहर आई और नाव पलट गई। सभी 14 लोग गंगा में बहने लगे।
"दो मिनट रुको" कहकर पत्नी को खोया
टुनटुन ने बताया कि हादसे के वक्त उनकी पत्नी भी डूब रही थी। पत्नी ने गुहार लगाई, 'जल्दी आइए'। उस वक्त टुनटुन अपने बहनोई को बचा रहे थे। उन्होंने कहा, 'दो मिनट रुको, बचा लेंगे।' बहनोई की जान तो बच गई, लेकिन जब तक वे पत्नी के पास पहुंचे, वह डूब चुकी थी। टुनटुन ने 5 लोगों की जान बचाई, जिनमें उनकी मां, बहनोई, बहन और भौजाई शामिल हैं। लेकिन अपनी पत्नी को नहीं बचा सके। उनके परिवार में चार बेटियां और एक बेटा है। बेटे की शादी पिछले महीने 6 तारीख को ही हुई थी।
नाविक पर लापरवाही का आरोप
टुनटुन और ग्रामीणों ने नाविक को हादसे के लिए जिम्मेदार ठहराया। टुनटुन ने कहा कि वे लगातार नाविक से रास्ता बदलने को कह रहे थे, लेकिन उसने अनसुना कर दिया। पहली लहर में नाव संभल गई, दूसरी तेज लहर में पलट गई। हादसे के बाद नाविक लोगों को डूबता छोड़कर भाग गया।
रोज गंगा पार करते हैं ग्रामीण
ग्रामीणों ने बताया कि दियारा इलाके में खेती के लिए लोग रोज सुबह 4 बजे नाव से गंगा पार करते हैं। नाव में आमतौर पर 18-20 लोग सवार होते हैं। ज्यादातर लोगों को तैरना नहीं आता। डूबने वालों में पिता-पुत्र भी शामिल थे।
50 साल का सबसे बड़ा हादसा
गांव वालों के मुताबिक पिछले 50 वर्षों में इतना बड़ा हादसा नहीं हुआ। टुनटुन की पत्नी श्रृंगार की दुकान चलाती थी और खेती में भी हाथ बंटाती थी। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है।
प्रशासन का बयान
SDRF और स्थानीय गोताखोर सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। बाढ़ अनुमंडल अधिकारी ने कहा कि मृतकों के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा। नाविक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।







