भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में जल्द बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. माना जा रहा है कि इस महीने के अंतिम सप्ताह तक नई टीम का ऐलान हो सकता है. इस संभावित विस्तार को लेकर मध्य प्रदेश के कई नेताओं के नाम चर्चा में हैं. खास बात यह है कि इंदौर भाजपा संगठन से जुड़े नेताओं को इस बार राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी मिलने की संभावना जताई जा रही है.
इंदौर के नेताओं को अहम जिम्मेदारी
इंदौर को लंबे समय से भाजपा का मजबूत संगठनात्मक केंद्र माना जाता है. यहां पार्टी द्वारा किए गए कई प्रयोग सफल साबित हुए हैं, जिन्हें बाद में राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनाया गया. यही वजह है कि इंदौर के नेताओं को समय-समय पर पार्टी में अहम जिम्मेदारियां मिलती रही हैं. इससे पहले कैलाश विजयवर्गीय राष्ट्रीय महामंत्री की भूमिका निभा चुके हैं, जबकि पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन भी संगठन में महत्वपूर्ण पदों पर रह चुकी हैं. अब नई राष्ट्रीय टीम के गठन को लेकर एक बार फिर इंदौर के नेताओं की चर्चा तेज हो गई है. पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम में इंदौर को प्रतिनिधित्व मिलने की संभावना जताई जा रही है. जिन नामों पर सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है उनमें कविता पाटीदार और जीतू जिराती प्रमुख हैं.
कविता पाटीदार निभाती हैं अहम जिम्मेदारी
कविता पाटीदार पहले प्रदेश भाजपा महामंत्री की जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं और संगठन में सक्रिय भूमिका निभाती रही हैं. माना जा रहा है कि महिला प्रतिनिधित्व को ध्यान में रखते हुए उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर मौका मिल सकता है. दूसरी ओर युवा और पिछड़ा वर्ग के चेहरे के रूप में जीतू जिराती का नाम भी तेजी से सामने आ रहा है. संगठन में उनकी सक्रियता और लंबे समय से पार्टी के लिए काम करने का अनुभव उनके पक्ष में माना जा रहा है.
नरोत्तम मिश्रा को राष्ट्रीय टीम में जगह मिलने की संभावना
इसके अलावा मालवा-निमाड़ क्षेत्र से गजेंद्र पटेल का नाम भी चर्चा में है. वहीं चंबल इलाके से पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा को भी राष्ट्रीय टीम में जगह मिलने की संभावना बताई जा रही है. अनुसूचित जाति मोर्चा से जुड़े नेता लालसिंह आर्य भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी भूमिका मजबूत करने की कोशिश में लगे हुए हैं. भाजपा की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में किन नेताओं को जिम्मेदारी मिलेगी, इसका अंतिम फैसला जल्द सामने आ सकता है. हालांकि अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन मध्य प्रदेश खासकर इंदौर के नेताओं को लेकर पार्टी के भीतर चर्चाएं लगातार तेज बनी हुई हैं.
यह भी पढ़ें- हर महीने 5000 तक पेंशन! जानिए Atal Pension Yojana की पूरी डिटेल, कौन और कैसे कर सकते हैं अपलाई
यह भी पढ़ें- MP में किसानों की बल्ले-बल्ले! भू-अर्जन संशोधन से यूं मिलेगा बंपर फायदा
यह भी पढ़ें- इस देश में टॉयलेट सीट की होती है पूजा, जानें हैरान कर देने वाली कहानी
यह भी पढें- New COVID Variant BA.3.2 Cicada: फिर कोरोना की एंट्री, जानें लक्षण और बचाव के तरीके









