भारतीय जनता पार्टी ने अपनी नई राष्ट्रीय संगठनात्मक टीम में मध्य प्रदेश को खास जगह दी है. पार्टी ने राज्य के आठ नेताओं को अलग-अलग अहम जिम्मेदारियां सौंपी हैं. इन नियुक्तियों के बाद राष्ट्रीय संगठन में मध्य प्रदेश की भागीदारी और मजबूत हुई है. पार्टी के राष्ट्रीय स्तर पर फैसलों और संगठन से जुड़े कामों में अब राज्य की भूमिका पहले से ज्यादा नजर आएगी.
लाल सिंह आर्या को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया
मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री और वरिष्ठ दलित नेता लाल सिंह आर्या को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है. गोहद से विधायक आर्या इससे पहले भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं. उनके लंबे संगठनात्मक अनुभव को देखते हुए पार्टी ने उन्हें राष्ट्रीय टीम में महत्वपूर्ण स्थान दिया है.
CM मोहन यादव ने दी नई टीम को बधाई
नई राष्ट्रीय टीम के ऐलान के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, "भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय टीम में नवनियुक्त सभी पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई एवं यशस्वी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं. मुझे पूरा विश्वास है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में आप सभी के अनुभव और प्रतिबद्धता से भाजपा का संगठन और अधिक मजबूत होगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में विकसित भारत के संकल्प को भी नई ऊर्जा मिलेगी."
मुख्यमंत्री ने सभी पदाधिकारियों को एक बार फिर बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की. वहीं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भी राष्ट्रीय टीम में जगह पाने वाले सभी नेताओं को शुभकामनाएं दीं और उनके बेहतर कार्यकाल की उम्मीद जताई.
गजेंद्र सिंह पटेल से लेकर कविता पाटीदार तक को जिम्मेदारी
खरगोन से सांसद गजेंद्र सिंह पटेल को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है. पटेल लोकसभा में लगातार अपना दूसरा कार्यकाल पूरा कर रहे हैं. वहीं राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार को राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा को भी मिली जगह
खजुराहो से सांसद और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा को पार्टी के 'सेल क्लस्टर' का राष्ट्रीय संयोजक नियुक्त किया गया है. इसके अलावा राज्यसभा सांसद बंसीलाल गुर्जर को किसान मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है.
आशीष उषा अग्रवाल को मिली ये जिम्मेदारी
मध्य प्रदेश के संगठनात्मक नेटवर्क में सक्रिय आशीष उषा अग्रवाल को राष्ट्रीय सह-संयोजक, मीडिया की जिम्मेदारी मिली है. इन नियुक्तियों के साथ भाजपा ने राष्ट्रीय संगठन में मध्य प्रदेश के कई अनुभवी और सक्रिय चेहरों को जगह दी है. इससे पार्टी के राष्ट्रीय ढांचे में राज्य की मौजूदगी और प्रभाव दोनों बढ़ने की उम्मीद है.









