मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है. यह सूची प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की ओर से 11 जुलाई को पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व को भेजी गई थी, जो अब सार्वजनिक हो गई है. उपचुनाव को भाजपा ने प्रतिष्ठा का मुकाबला मानते हुए संगठन और सरकार के कई बड़े नेताओं को प्रचार अभियान में उतारने का फैसला किया है.
मुख्यमंत्री मोहन यादव करेंगे प्रचार अभियान की अगुवाई
जारी सूची के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल चुनाव प्रचार की कमान संभालेंगे. उनके साथ पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे. इसके अलावा केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और वीरेंद्र कुमार खटीक को भी दतिया में पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
राज्य सरकार के दोनों उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल भी प्रचार अभियान का हिस्सा रहेंगे. वहीं वरिष्ठ मंत्री प्रहलाद पटेल, कैलाश विजयवर्गीय और राकेश सिंह समेत कई अनुभवी नेता भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में चुनावी मैदान में उतरेंगे.
स्टार प्रचारकों की सूची में नरोत्तम मिश्रा का नाम
भाजपा की 40 सदस्यीय स्टार प्रचारक सूची में पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का नाम भी शामिल किया गया है. हालांकि सूची में उन्हें 16वां स्थान दिया गया है. इसे लेकर उनके समर्थकों के बीच अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं का मानना है कि दतिया की राजनीति में लंबे समय से प्रभाव रखने वाले नेता होने के कारण उन्हें सूची में और ऊपर स्थान मिलना चाहिए था. बावजूद इसके समर्थकों का कहना है कि वे पूरी ताकत के साथ पार्टी उम्मीदवार के लिए प्रचार करेंगे.
नामांकन के दिन दतिया में दिखेगा बड़ा शक्ति प्रदर्शन
सोमवार को नामांकन का अंतिम दिन होने के कारण दतिया में राजनीतिक गतिविधियां काफी तेज हो गई हैं. भाजपा और कांग्रेस दोनों ने इस दिन को शक्ति प्रदर्शन का अवसर बना लिया है. भाजपा उम्मीदवार आशुतोष तिवारी के नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहने वाले हैं. वहीं कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह के नामांकन में भी प्रदेश कांग्रेस के शीर्ष नेताओं के शामिल होने की तैयारी है.
दतिया उपचुनाव पर पूरे प्रदेश की नजर
दतिया विधानसभा उपचुनाव अब केवल एक सीट का चुनाव नहीं रह गया है, बल्कि यह प्रदेश की राजनीति का सबसे चर्चित मुकाबला बन चुका है. भाजपा और कांग्रेस दोनों ने अपने बड़े नेताओं को मैदान में उतार दिया है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के साथ कांग्रेस की ओर से प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार भी चुनावी अभियान में सक्रिय हैं. ऐसे में यह उपचुनाव पूरे प्रदेश ही नहीं बल्कि राष्ट्रीय राजनीति की भी नजरों में बना हुआ है.









