MP Rajya Sabha Candidate: अपने फैसलों से चौंकाने के लिए जाना जाने वाली भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने मध्यप्रदेश के कोटे से राज्यसभा भेजे जाने वाले उम्मीदवारों के नामों का एलान कर दिया है। दिल्ली दरबार ने स्थानीय कद्दावर चेहरों को दरकिनार करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग को मध्य प्रदेश से राज्यसभा भेजने का फैसला किया है। वहीं, प्रदेश संगठन में लंबे समय से सक्रिय और पार्टी के प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल को भी राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया है।
चुग की एंट्री से हलचल तेज
मूल रूप से पंजाब से ताल्लुक रखने वाले और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग को मध्य प्रदेश से प्रत्याशी बनाना चौंकाने वाला निर्णय माना जा रहा है। हालांकि, यह पहला मौका नहीं है जब भाजपा ने किसी बाहरी चेहरे को मप्र के कोटे से राज्यसभा भेजा हो।
रजनीश को वफादारी का इनाम
राज्यसभा उम्मीदवार की सूची में रजनीश अग्रवाल का नाम भी शामिल है। प्रदेश मीडिया प्रभारी से लेकर संगठन के कई पदों पर रहे रजनीश अग्रवाल को टिकट देकर भाजपा ने यह संदेश दिया है कि जमीनी कार्यकर्ताओं की मेहनत को खाली नहीं जाने दिया जाता है।
चर्चा में थे कई दिग्गज
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, इस बार राज्यसभा की खाली हो रही सीटों के लिए मध्य प्रदेश से कई पूर्व मंत्रियों, हाल ही में चुनाव हारे दिग्गजों और क्षेत्रीय नेताओं के नामों की लंबी लिस्ट थी, लेकिन दिल्ली में लगातार चली कोर कमेटी की बैठकों के बाद इन दो नामों पर अंतिम मुहर लगाई गई, जिससे कई दावेदारों की उम्मीदों पर पानी फिर गया है।










