MP BJP: चुनावी और संगठनात्मक रूप से हमेशा एक्टिव रहने वाली मध्य प्रदेश भाजपा अब धरातल पर एक नया मोर्चा खोलने जा रही है। पार्टी आगामी 23 जून से 6 जुलाई 2026 तक पूरे सूबे में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी पखवाड़ा मनाने जा रही है। इस अभियान के तहत जमीनी स्तर पर बूथ गौरव दिवस और वैचारिक व्याख्यानों की एक ऐसा प्लान तैयार किया गया है, जिससे संगठन और सरकार एक बार फिर सीधे जनता के बीच नजर आएंगे। इस अभियान की मॉनिटरिंग और कमान खुद प्रदेश के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह संभाल रहे हैं।
अखंड भारत का संदेश
इस पूरे पखवाड़े का मुख्य केंद्र जम्मू-कश्मीर से धारा 370 की समाप्ति रहेगा। विशेष सम्मेलनों के जरिए जनता और कार्यकर्ताओं को यह संदेश दिया जाएगा कि कैसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मजबूत नेतृत्व ने डॉ. मुखर्जी के एक देश, दो विधान नहीं चलेंगे वाले अखंड भारत के सपने को हकीकत में बदला है।
आयोजित होंगे सम्मलेन
राज्य के सभी जिलों में बड़े पैमाने पर जिला कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित होंगे। इन सम्मेलनों में तीन अलग-अलग वक्ता डॉ. मुखर्जी के सामाजिक-राजनीतिक योगदान, एक कुशल केंद्रीय मंत्री के रूप में उनकी कार्यशैली और भारतीय जनसंघ के संस्थापक अध्यक्ष के रूप में उनके सफर पर व्याख्यान देंगे। प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों, कॉलेजों और शैक्षणिक केंद्रों के बाहर विशेष छात्र सम्मेलनों की रूपरेखा तैयार की गई है। शैक्षणिक परिसरों की मर्यादा को ध्यान में रखते हुए ये कार्यक्रम कैंपस की सीमा से बाहर होंगे।
युवा मोर्चा को जिम्मा
इस पूरे अभियान की कमान भारतीय जनता युवा मोर्चा के कंधों पर सौंपी गई है। युवा कप्तानों को जिम्मेदारी दी गई है कि वे राष्ट्र प्रथम की इस जीवनधारा को घर-घर और छात्र-छात्र तक लाइव पहुंचाएं। राजनैतिक जानकारों की मानें तो मध्य प्रदेश भाजपा के प्रशिक्षण वर्ग हाल ही में समाप्त हुए हैं। कार्यकर्ताओं में छाई सुस्ती को रोकने और उन्हें एक्टिव रखने के लिए संगठन का यह एक बड़ा कदम है।









